UP Diwali Bonus 2026: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दिवाली से पहले राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पात्र राज्य कर्मचारियों को 30 दिन का तदर्थ बोनस देने की मंजूरी दे दी है। इस फैसले से करीब 14.82 लाख कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार की ओर से इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
सरकार के फैसले के मुताबिक, पात्र कर्मचारियों को अधिकतम 6,908 रुपये तक का बोनस मिल सकता है। इस बोनस का 25 प्रतिशत हिस्सा नकद दिया जाएगा, जबकि बाकी 75 प्रतिशत राशि कर्मचारियों के भविष्य निधि (PF) खाते में जमा की जाएगी।
किन कर्मचारियों को मिलेगा बोनस?
योगी सरकार के इस फैसले का लाभ पूर्णकालिक अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों को मिलेगा। इसके अलावा सहायता प्राप्त शिक्षण एवं तकनीकी संस्थानों, स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों और सरकारी विभागों के कार्यभारित कर्मचारियों को भी इसके दायरे में रखा गया है। बोनस का लाभ लेने के लिए कर्मचारियों को 31 मार्च 2026 तक कम से कम एक साल की लगातार सेवा पूरी करनी जरूरी है। यह लाभ निर्धारित वेतन मैट्रिक्स के लेवल-8 तक के पात्र कर्मचारियों को दिया जाएगा।
अधिकतम 6,908 रुपये मिलेगा बोनस
सरकार ने बोनस की गणना के लिए अधिकतम मासिक वेतन सीमा 7,000 रुपये तय की है। इसी आधार पर 30 दिन के बोनस की अधिकतम राशि 6,908 रुपये निर्धारित की गई है। इसमें से 25 प्रतिशत यानी करीब 1,727 रुपये नकद मिलेंगे, जबकि 75 प्रतिशत यानी करीब 5,181 रुपये PF खाते में जमा होंगे। जिन कर्मचारियों का PF खाता नहीं है, उनके लिए निर्धारित नियमों के अनुसार NSC या PPF में राशि जमा की जाएगी।
दिहाड़ी कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ
योगी सरकार ने दैनिक वेतन पर काम करने वाले पात्र कर्मचारियों को भी बोनस देने का फैसला किया है। इसके लिए अलग सेवा शर्तें निर्धारित की गई हैं। पात्र दैनिक वेतन कर्मचारियों को अधिकतम 1,184 रुपये तक बोनस मिल सकता है।
वहीं, 31 मार्च 2026 के बाद सेवानिवृत्त हुए या 30 अप्रैल 2027 तक सेवानिवृत्त होने वाले पात्र कर्मचारियों को बोनस की पूरी राशि नकद देने का प्रावधान किया गया है। सरकार के इस फैसले से दिवाली के मौके पर प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी।
Also read: UP News: दिवाली-होली पर फ्री LPG सिलेंडर पाने का मौका, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से मिलेगा बड़ा फायदा; CM योगी ने सब्सिडी का किया ऐलान