
Smartphone Price Hike: वैश्विक स्तर पर मेमोरी चिप्स (DRAM और NAND) की गंभीर कमी ने स्मार्टफोन इंडस्ट्री को बड़ा झटका दिया है। आईडीसी (International Data Corporation) और काउंटरपॉइंट रिसर्च जैसी प्रमुख रिसर्च फर्मों की ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के लिए डेटा सेंटर और सर्वर में मेमोरी चिप्स की तेज मांग के कारण कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए सप्लाई काफी कम हो गई है। इससे स्मार्टफोन की औसत बिक्री मूल्य (ASP) में 14%तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जो इस साल रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है।
आईडीसी की रिपोर्ट में क्या?
आईडीसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2026में ग्लोबल स्मार्टफोन शिपमेंट्स में 12.9%की गिरावट आएगी, जो 1.12अरब यूनिट तक सिमट जाएगी—यह पिछले एक दशक से ज्यादा समय में सबसे बड़ी गिरावट होगी। औसत स्मार्टफोन की कीमत 523डॉलर (लगभग 43,000-44,000रुपये) तक पहुंच सकती है। रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि 100डॉलर (लगभग 8,300रुपये) से कम कीमत वाले फोन अब आर्थिक रूप से असंभव हो जाएंगे, जिससे कई लो-एंड एंड्रॉयड मैन्युफैक्चरर्स पर भारी असर पड़ेगा। काउंटरपॉइंट रिसर्च ने भी 12%तक की गिरावट का अनुमान लगाया है, जिसमें शिपमेंट्स 1.1अरब यूनिट से नीचे आ सकते हैं—2013के बाद सबसे कम स्तर।
कमी की मुख्य वजह क्या?
दरअसल, इस कमी की मुख्य वजह AI हाइपरस्केलर्स जैसे मेटा, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन द्वारा बड़े पैमाने पर मेमोरी चिप्स की खरीद है। इससे DRAM और HBM चिप्स की कीमतें Q1 2026में पिछले तिमाही से लगभग दोगुनी हो गई हैं। मोबाइल LPDDR4/5चिप्स की कीमतें Q2 2026में Q3 2025के मुकाबले तीन गुना तक पहुंच सकती हैं। इससे स्मार्टफोन कंपनियों के बिल ऑफ मटेरियल (BOM) कॉस्ट में 10-25%तक इजाफा हो रहा है, खासकर लो-एंड और मिड-रेंज डिवाइसेज में जहां मेमोरी 15-20%हिस्सा रखती है।
भारत जैसे उभरते बाजारों में असर और गहरा हो सकता है, जहां 200 डॉलर (लगभग 16,500-17,000 रुपये) से कम कीमत वाले फोन का बड़ा हिस्सा है। कई ब्रांड्स स्पेसिफिकेशन्स कम करने या कीमतें बढ़ाने पर मजबूर हो सकते हैं। प्रीमियम ब्रांड्स जैसे एप्पल और सैमसंग बेहतर स्थिति में हैं, क्योंकि वे हाई-मार्जिन मॉडल्स पर फोकस कर सकते हैं और बाजार हिस्सेदारी बढ़ा सकते हैं। छोटे मैन्युफैक्चरर्स के लिए यह संकट बड़ा हो सकता है, जिससे इंडस्ट्री में कंसॉलिडेशन (कंपनियों का विलय या बाहर होना) संभव है।
Leave a comment