Free Laptop To Students:तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राज्य के कॉलेज छात्रों के लिए बड़ी घोषणा की है। राज्य सरकार ने छात्रों को मुफ्त लैपटॉप देने के लिए 'वेत्री लैपटॉप योजना' लागू करने का आदेश जारी किया है। इस योजना के लिए सरकार ने 2,000 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व में योजना की निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन भी किया जाएगा।
यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में घोषित की गई थी। इसके तहत सरकारी और राज्य सहायता प्राप्त कॉलेजों में पढ़ने वाले UG और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के पात्र छात्रों को मुफ्त लैपटॉप दिए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य उच्च शिक्षा हासिल कर रहे छात्रों को डिजिटल शिक्षा और तकनीकी कौशल से जोड़ना है।
किन छात्रों को मिलेगा मुफ्त लैपटॉप?
वेत्री लैपटॉप योजना का लाभ 2026-27 शैक्षणिक सत्र के दौरान सरकारी और राज्य सहायता प्राप्त संस्थानों में पढ़ने वाले प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों को मिलेगा। इसमें अंडरग्रेजुएट (UG), पॉलिटेक्निक और ITI डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के छात्र शामिल होंगे। योजना के दायरे में कला, विज्ञान, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, पशु चिकित्सा, कृषि, मत्स्य पालन और कानून जैसे विषयों की पढ़ाई करने वाले छात्र भी आएंगे।
इसके अलावा, उन छात्रों को भी योजना में शामिल किया जाएगा, जो 2025-26 शैक्षणिक सत्र में मुफ्त लैपटॉप योजना का लाभ नहीं उठा पाए थे। ऐसे छात्र यदि अब सरकारी या राज्य सहायता प्राप्त संस्थानों में अपने प्रोफेशनल कोर्स के तीसरे या चौथे वर्ष में पढ़ रहे हैं, तो वे भी इसका लाभ ले सकेंगे।
इंजीनियरिंग छात्रों को मिलेंगे i5 प्रोसेसर वाले लैपटॉप
सरकार ने छात्रों की शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लैपटॉप की तकनीकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया है। इंजीनियरिंग के छात्रों को Intel Core i5 प्रोसेसर या उसके समकक्ष प्रोसेसर वाले लैपटॉप दिए जाएंगे। लैपटॉप की खरीद और गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सरकारी संस्था ELCOT को दी गई है। इसके लिए प्रशासनिक मंजूरी भी प्रदान कर दी गई है।
रोजगार और डिजिटल शिक्षा में मिलेगी मदद
तमिलनाडु सरकार के मुताबिक, आज के डिजिटल दौर में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों के लिए लैपटॉप एक जरूरी शैक्षणिक उपकरण बन गया है। इसकी मदद से छात्र ऑनलाइन पढ़ाई, तकनीकी प्रशिक्षण और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगे। सरकार का मानना है कि मुफ्त लैपटॉप मिलने से खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों के छात्रों को फायदा होगा। इससे उन्हें तकनीकी ज्ञान बढ़ाने, वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होने और रोजगार के बेहतर अवसर हासिल करने में मदद मिलेगी।
योजना के लिए 2,000 करोड़ रुपये आवंटित
राज्य सरकार ने वेत्री लैपटॉप योजना के लिए 2,000 करोड़ रुपये का वित्तीय आवंटन किया है। योजना को लागू करने के लिए प्रशासनिक मंजूरी के साथ विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व में गठित होने वाली उच्चस्तरीय समिति योजना के क्रियान्वयन और निगरानी का काम करेगी। सरकार का लक्ष्य पात्र छात्रों तक लैपटॉप पहुंचाकर उच्च शिक्षा में डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाना है।
Also read: हिमाचल-पंजाब और हरियाणा के बीच बिजली विवाद का हुआ निपटारा, सुप्रीम कोर्ट ने निकाला समाधान का रास्ता