Anand Mohan Supreme Court: जेडीयू के बाहुबली नेता आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अब उनकी बाकी पूरी जिंदगी जेल में ही गुजरेगी। गोपालगंज के तत्कालीन डीएम और IAS अधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में कोर्ट ने उनकी रिहाई को गलत करार दिया है। जस्टिस दीपंकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की बेंच ने आनंद मोहन को एक महीने के अंदर सरेंडर करने का आदेश दिया है। आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद जेडीयू की सांसद हैं और बेटे चेतन आनंद जेडीयू के ही विधायक हैं। उनकी रिहाई के खिलाफ दायर याचिका पर करीब 4 महीने पहले सुनवाई पूरी हो गई थी और फैसला रिजर्व रखा गया था।
साढ़े तीन साल पहले हुई थी रिहाई
जी. कृष्णैया हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे आनंद मोहन को 27 अप्रैल 2023 को सहरसा जेल से रिहा कर दिया गया था। इसके पीछे बिहार की तत्कालीन नीतीश सरकार का जेल मैनुअल में किया गया संशोधन था। सरकार ने नियम बदलकर ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों को भी समय से पहले रिहाई का रास्ता खोल दिया था।इस फैसले के खिलाफ जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उनका कहना था कि IAS अधिकारी की हत्या जैसे मामले में समय से पहले रिहाई का प्रावधान नहीं था, लेकिन सरकार ने नियम बदलकर रिहाई का रास्ता तैयार किया।
1994 में हुई थी जी. कृष्णैया की हत्या
जी. कृष्णैया 1985 बैच के IAS अधिकारी थे और गोपालगंज के DM थे। 5 दिसंबर 1994 को मुजफ्फरपुर में गैंगस्टर छोटन शुक्ला की शवयात्रा के दौरान उनकी गाड़ी को भीड़ ने घेर लिया था। भीड़ ने उन्हें गाड़ी से बाहर निकालकर पीट-पीटकर मार डाला था। इस मामले में आनंद मोहन पर भीड़ को उकसाने का आरोप लगा था।
Also read: Bihar News: किसानों को KCC देने में लापरवाही पर बैंकों की तय होगी जवाबदेही, कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने दिए सख्त निर्देश
पहले फांसी, फिर उम्रकैद
निचली अदालत ने अक्टूबर 2007 में आनंद मोहन को फांसी की सजा सुनाई थी। दिसंबर 2008 में पटना हाईकोर्ट ने इसे उम्रकैद में बदल दिया था। 15 साल से ज्यादा जेल में रहने के बाद अप्रैल 2023 में उनकी रिहाई हुई थी, लेकिन अब वह रिहाई रद्द हो गई है।
जेल मैनुअल से हटाए गए थे 5 शब्द
आनंद मोहन की रिहाई का सबसे अहम पहलू 10 अप्रैल 2023 का फैसला था। बिहार सरकार ने बिहार जेल मैनुअल, 2012 के नियम 481(1)(a) में संशोधन किया था। पुराने नियम में "a civil servant on duty" यानी ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों को समयपूर्व रिहाई नहीं मिलती थी।सरकार ने इन पांच शब्दों को हटा दिया। इसके बाद ऐसे दोषियों को भी रिहाई के लिए विचार का रास्ता मिल गया। 20 अप्रैल 2023 को राज्य सजा माफी परिषद की बैठक हुई और 24 अप्रैल को 27 कैदियों की रिहाई का आदेश जारी हुआ, जिसमें आनंद मोहन का नाम 11वें नंबर पर था।