Bihar News:बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बैंकों को निर्देश दिया है कि राज्य के प्रत्येक पात्र किसान को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि खासतौर पर लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता के आधार पर KCC और फसल ऋण उपलब्ध कराया जाए। किसानों को ऋण देने में लापरवाही बरतने वाले बैंकों और उनकी शाखाओं को चिह्नित कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और मजदूरी जैसे कृषि कार्यों के लिए समय पर आर्थिक सहायता मिलना जरूरी है। KCC किसानों की वित्तीय जरूरतों को पूरा करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बड़े वाणिज्यिक और निजी बैंकों से किसानों के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार रवैया अपनाने की अपील की।
फसल ऋण वितरण का लक्ष्य पूरा करने में पिछड़े बैंक
विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि चालू तिमाही में फसल ऋण वितरण के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले अब तक केवल 8.8 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है। उन्होंने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि किसानों को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने के प्रयासों में तेजी लाने की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के प्रति किसी भी तरह की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
50.25 लाख KCC खातों का निर्धारित लक्ष्य
कृषि मंत्री के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बिहार में किसान क्रेडिट कार्ड के तहत 50.25 लाख खातों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले अब तक 7.38 लाख नए और नवीनीकृत KCC स्वीकृत एवं वितरित किए गए हैं। इनके माध्यम से किसानों को 8,344.70 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है।
7.12 लाख KCC खातों का हुआ नवीनीकरण
अब तक कुल 7.12 लाख किसान क्रेडिट कार्ड खातों का नवीनीकरण किया गया है। इनके जरिए किसानों को 8,073 करोड़ रुपये की ऋण राशि उपलब्ध कराई गई है। विजय सिन्हा ने कहा कि क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक किसानों को ऋण देने में अपेक्षाकृत सक्रिय हैं, लेकिन बड़े वाणिज्यिक और निजी बैंकों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के विजन को पूरा करने के लिए बिहार सरकार प्रतिबद्ध है।
Also read: बिहार में 2.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, मुख्यमंत्री बोले - निवेशक बिहार पर विश्वास करें, उद्योग को बढ़ायें