Haryana News: हरियाणा के हांसी रोडवेज डिपो की बदहाल व्यवस्था ने परिवहन सेवाओं की पोल खोलकर रख दी है। हांसी डिपो में कुल 69 बसें हैं, लेकिन इनमें से 24 से ज्यादा बसें तकनीकी खराबी के चलते खड़ी हैं। हालात ऐसे हैं कि बस स्टैंड पर सैकड़ों यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। वहीं, चंडीगढ़, गुरुग्राम और पानीपत जैसे बड़े शहरों के लिए बस सेवाएं प्रभावित होने से यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
यात्रियों की इस परेशानी के बीच रोडवेज अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जब इस संबंध में अधिकारियों से बातचीत की गई तो उनका कहना था कि उन्होंने अपनी तरफ से लिखित में दे दिया है। लेकिन सवाल यह है कि सिर्फ लिखित में जानकारी देने से जिम्मेदारी पूरी हो जाती है या फिर यात्रियों को सुविधा उपलब्ध करवाना भी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। बस स्टैंड पर घंटे से यात्री अपने गंतव्य स्थान जाने के लिए इंतजार कर रहे हैं।
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी यूनियन नेता राजबीर सिंह सिवाच ने डिपो की बदहाल स्थिति पर गंभीर रोष जताया है। यूनियन नेता राजबीर सिवाच ने बताया कि हांसी रोडवेज का पूरा सिस्टम ही पंचर हो चुका है। बसों में टायरों की भारी कमी है, कई बसों की बैटरियां खराब हैं, जबकि यूरिया और डीजल पंप में खराबी के कारण बसें रास्ते में बंद होने का खतरा बना रहता है। ऐसे हालात में चालक और परिचालक भी जान जोखिम में डालकर ड्यूटी करने को मजबूर हैं।
यूनियन के अनुसार हांसी से चंडीगढ़ के लिए तीन, पानीपत के लिए तीन और गुरुग्राम के लिए तीन बसें बंद पड़ी हैं। इसके अलावा महिलाओं के लिए चलाई जाने वाली हांसी से हिसार और हांसी से लाडवा की बस सेवाएं भी बंद हैं। हांसी की एकमात्र एसी बस नंबर 1479 भी चंडीगढ़ डिपो में खराब खड़ी है। यूनियन ने खराब बसों का ब्योरा भी सामने रखा है। हांसी में 20 बसें और हिसार में हांसी डिपो के नाम की चार बसें खराब खड़ी हैं। यानी कुल 24 बसें सड़कों पर दौड़ने के बजाय वर्कशॉप और दूसरे डिपो में खड़ी हैं।
यूनियन नेता राजबीर सिंह सिवाच ने कहा कि एक तरफ सरकार रोडवेज के बेड़े में बसें बढ़ाने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ पहले से उपलब्ध बसें टायर, बैटरी और तकनीकी खराबियों के चलते सड़कों पर नहीं उतर पा रहीं। इसका सीधा खामियाजा हांसी जिले की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
यूनियन ने मांग की है कि सभी खराब बसों को जल्द ठीक करवाकर रूटों पर उतारा जाए, चंडीगढ़ में खड़ी एसी बस को तुरंत दुरुस्त कराया जाए, हिसार में खड़ी हांसी की चारों बसों को वापस लाकर ठीक किया जाए और बसों की नियमित मेंटेनेंस के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए। रोडवेज कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बसों को दुरुस्त कर परिवहन व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो यूनियन हांसी डिपो में धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।