Stock Market Today: बुधवार को शेयर बाजार की शुरुआत जोरदार तेजी के साथ हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,143.87 अंक यानी 1.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,250.52 पर खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 50 भी 293.15 अंक यानी 1.17 प्रतिशत चढ़कर 25,337.80 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में इस तेजी के पीछे विदेशी निवेशकों की खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और कंपनियों के दूसरी तिमाही के उम्मीद से बेहतर नतीजों को प्रमुख वजह माना जा रहा है।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार के मुताबिक, नवंबर के शुरुआती छह कारोबारी दिनों में निफ्टी 50 में करीब 8.6 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। इस दौरान विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय बाजार में लगभग 53,170 करोड़ रुपये की खरीदारी की है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर AI ट्रेड की कमजोरी से भारत के लिए निवेश का माहौल बेहतर हुआ है। इसके साथ ही दूसरी तिमाही के मजबूत नतीजों ने बाजार की तेजी को ठोस आधार दिया है।
विजयकुमार के अनुसार, निफ्टी 50 कंपनियों की दूसरी तिमाही में कमाई में करीब 24 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो पिछले 12 तिमाहियों का उच्च स्तर है। उनका मानना है कि आने वाले समय में विदेशी निवेशक बैंकिंग, फाइनेंशियल, टेलीकॉम, कैपिटल गुड्स, चुनिंदा ऑटो और फार्मा कंपनियों के शेयरों में खरीदारी जारी रख सकते हैं। बाजार की आगे की तेजी में लार्ज-कैप कंपनियों की अहम भूमिका रहने की संभावना है।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी
बाजार की तेजी केवल सेंसेक्स और निफ्टी के बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी निवेशकों ने खरीदारी की। निफ्टी मिडकैप 100 में 0.64 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.72 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, निफ्टी 100 भी 1.12 प्रतिशत ऊपर रहा।
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो लगभग सभी प्रमुख क्षेत्रों में सकारात्मक रुख देखने को मिला। निफ्टी ऑटो 1.15 प्रतिशत, FMCG 0.91 प्रतिशत, IT 0.84 प्रतिशत और मेटल इंडेक्स 0.34 प्रतिशत चढ़ा। निफ्टी फार्मा में 1 प्रतिशत, PSU बैंक में 1.18 प्रतिशत और प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 1.39 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।