Range Rover Electric : लग्जरी कार कंपनी जगुआर लैंड रोवर (JLR) अगले साल भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने जा रही है। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ राजन अंबा ने कहा है कि कंपनी देश को ग्रोथ के प्रमुख बाजार के रूप में देखती है और यहां 2027 में अपनी पहली EV लॉन्च करने की योजना बना रही है।राजन अंबा के मुताबिक, कंपनी की शुरुआत रेंज रोवर इलेक्ट्रिक और रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक से होगी। इसके अलावा कंपनी अगले साल नई जगुआर GT भी लॉन्च करेगी। ये सभी गाड़ियां अलग-अलग समय पर बाजार में उतारी जाएंगी। अंबा ने कहा, "कंपनी के लिए भारत के EV मार्केट में एंट्री करने का ये सही समय है और भविष्य ईवी का ही है।" फिलहाल जेएलआर इंडिया के पास कोई इलेक्ट्रिक गाड़ी नहीं है। हालांकि, कंपनी प्रीमियम और ज्यादा किफायती, दोनों कैटेगरी में पिछले एक साल के दौरान ईवी मार्केट में दर्ज बढ़ोतरी से उत्साहित है।
पहले इंपोर्ट होगी, फिर देखा जाएगा रिस्पॉन्स
जगुआर लैंड रोवर शुरुआत में इन इलेक्ट्रिक मॉडल को इंपोर्ट कर बाजार में उनकी प्रतिक्रिया परखने की योजना बना रही है। अंबा ने कहा, "हमने देखा है कि ज्यादा किफायती कैटेगरी के ब्रांड को भी फायदा हुआ है और मुझे लगता है कि हमें भी इससे काफी लाभ मिलना चाहिए।
"रिटेल नेटवर्क का भी विस्तार
इलेक्ट्रिक गाड़ियां लॉन्च करने के अलावा जेएलआर अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार कर भारत में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है। अंबा ने कहा कि कंपनी को इस साल के आखिर तक अपने रिटेल सेंटर की संख्या 25 से बढ़ाकर 40 करने की उम्मीद है।
Also read: आज क्यों बंद है शेयर बाजार? NSE-BSE के साथ सोने-चांदी में भी नहीं होगी ट्रेडिंग?
FTA से बढ़ी मांग
भारत-ब्रिटेन FTA के प्रभाव पर उन्होंने कहा कि कुछ मॉडल की कीमतें घटाए जाने के बाद कंपनी ने मांग में तेजी देखी है। डिफेंडर ब्रांड को लेकर उन्होंने कहा कि लोकल मैन्यूफैक्चरिंग के कारण ऑर्डर में करीब 20 प्रतिशत बढ़त की उम्मीद है। कंपनी का लक्ष्य लोकल मैन्यूफैक्चरिंग का लाभ ग्राहकों तक पहुंचाना है, जैसा उसने पहले रेंज रोवर की लोकल मैन्यूफैक्चरिंग के दौरान किया था।