Assam Train Accident: असम के कामरूप (मेट्रो) जिले में बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 13125) का एक लोकोमोटिव और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर हुआ। नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के मुताबिक, घटना में किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
रेलवे की ओर से बताया गया कि हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। यात्रियों को दूसरी ट्रेन के जरिए उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। रेलवे के जनरल मैनेजर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
सुबह की सैर पर निकले व्यक्ति ने देखा हादसा
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे एक स्थानीय निवासी ने बताया कि वह सुबह की सैर के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्हें ट्रेन के पटरी से उतरने की जानकारी मिली। जब वह डिगारू रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर दूर घटनास्थल पर पहुंचे, तो उन्होंने छह डिब्बों को पटरी से उतरा हुआ देखा।
स्थानीय निवासी ने दावा किया कि ट्रेन का ब्रेक फेल होने की वजह से हादसा हुआ होगा। उन्होंने बताया कि दुर्घटनास्थल के आसपास कई घर मौजूद थे, लेकिन राहत की बात रही कि किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। उन्होंने रेलवे मंत्रालय और नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के अधिकारियों से घटना की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
रेलवे अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गईं। यात्रियों को सुरक्षित दूसरी ट्रेन में बैठाकर उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की जा रही है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्थानीय निवासी की ओर से ब्रेक फेल होने की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।