Ind vs NZ Test Series: न्यूजीलैंड क्रिकेट ने भारत के खिलाफ दो मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में चोट से जूझ रहे स्टार खिलाड़ी रचिन रवींद्र, डेवोन कॉनवे और टॉम ब्लंडेल को भी टीम में जगह दी गई है। अनुभवी बल्लेबाज टॉम लैथम टीम की कमान संभालेंगे। दोनों देशों के बीच यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसमें मिलने वाले अंक फाइनल की दौड़ में दोनों टीमों की स्थिति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। सीरीज का पहला मुकाबला 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड की टीम इस सीरीज में घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी। वहीं, भारतीय टीम की कोशिश न्यूजीलैंड को उसी के घर में चुनौती देने की होगी। बता दें कि साल 2024 में न्यूजीलैंड ने भारतीय सरजमीं पर ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया को 3-0 से हराया था। ऐसे में इस बार भारतीय टीम के पास उस हार का हिसाब बराबर करने का मौका होगा।
चोटिल खिलाड़ियों पर न्यूजीलैंड ने जताया भरोसा
न्यूजीलैंड ने अपनी टीम में तीन ऐसे खिलाड़ियों को शामिल किया है, जो चोट की समस्या से जूझ रहे हैं। टॉम ब्लंडेल को क्वाड्रिसेप, डेवोन कॉनवे को कनकशन और रचिन रवींद्र को कंधे में चोट की परेशानी है। इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने इन खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। इसके अलावा तेज गेंदबाज जैकब डफी की टीम में वापसी हुई है। वहीं बेन सियर्स, जैक फाउल्केस और विल ओ'रूर्के टीम का हिस्सा नहीं हैं। न्यूजीलैंड के कोच रॉब वाल्टर का मानना है कि भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ घरेलू मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करना बेहद जरूरी होगा।
WTC फाइनल की रेस में दोनों टीमों के लिए अहम सीरीज
भारत और न्यूजीलैंड दोनों की नजरें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल पर टिकी हैं। न्यूजीलैंड फिलहाल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है, जबकि भारत चौथे नंबर पर मौजूद है। दक्षिण अफ्रीका पहले और मौजूदा रनर-अप ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर है। ऐसे में दोनों टेस्ट मैचों में मिलने वाले अंक फाइनल की दौड़ के लिहाज से काफी अहम होंगे।
न्यूजीलैंड के कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि यह सीरीज टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट के रोमांचक सीजन की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि टीम का ध्यान भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने पर रहेगा। वाल्टर के मुताबिक, मार्च तक न्यूजीलैंड को 10 टेस्ट मैच खेलने हैं और रेड बॉल क्रिकेट के प्रशंसकों के लिए काफी एक्शन देखने को मिलेगा।