Sports News: भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान ने ड्रेसिंग रूम से जानकारी लीक करने के आरोपों को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि इन आरोपों के सामने आने के बाद उन्हें और उनके परिवार को काफी मानसिक परेशानी से गुजरना पड़ा था। उस मुश्किल समय में भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने सबसे पहले उनसे संपर्क किया और उन्हें अपना समर्थन दिया।
सरफराज के मुताबिक, गौतम गंभीर ने उन्हें विवादों और क्रिकेट से जुड़ी राजनीति से दूर रहने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा था कि इन सब बातों पर ध्यान देने के बजाय सरफराज को अपने खेल पर फोकस करना चाहिए। गंभीर ने न सिर्फ उनसे बात की, बल्कि उनके पिता से भी व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर परिवार को भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर वे उनकी मदद के लिए मौजूद हैं। बता दें कि सरफराज ने ये बातें भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान बताईं।
गौतम गंभीर ने दो बार किया था फोन
सरफराज खान ने बताया कि ड्रेसिंग रूम की जानकारी लीक करने के आरोपों के बाद उन्हें अपना फोन तक बंद करना पड़ा था। सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना और लगातार आ रहे कॉल-मैसेज ने उन्हें परेशान कर दिया था। इसी दौरान गौतम गंभीर ने उनसे दो बार फोन पर बात की।
सरफराज ने कहा, "मुझे अपना फोन बंद करना पड़ा। GG सर (गौतम गंभीर) ने मुझे दो बार फोन किया और कहा कि ऐसी बेकार की बातों पर ध्यान न दूं और फालतू की पॉलिटिक्स में न पड़ूं। इसके बजाय अपने खेल पर ध्यान दूं। मैंने उनसे कहा कि मैं उनकी बात समझ गया हूं, लेकिन मेरे पिता बहुत परेशान थे और मेरी पत्नी भी रो रही थी। उन्होंने आगे बताया कि गंभीर ने उनके पिता से भी बात की थी। उन्होंने परिवार को समझाया कि इन आरोपों को ज्यादा महत्व न दें और सरफराज को क्रिकेट पर ध्यान देने दें।
गंभीर ने पिता को दिया था मदद का भरोसा
सरफराज के मुताबिक, गौतम गंभीर ने उनके पिता से कहा था कि उनका बेटा अच्छा क्रिकेटर है और उसे बिना किसी दबाव के अपना खेल खेलने देना चाहिए। गंभीर ने परिवार को यह भरोसा भी दिया था कि जब भी उन्हें किसी तरह की मदद की जरूरत हो, वे उनसे संपर्क कर सकते हैं। सरफराज ने कहा, "उन्होंने मेरे पिता से भी बात की और कहा कि ऐसी बातों को ज्यादा अहमियत न दें। सरफराज को क्रिकेट खेलने पर ध्यान देने दें, क्योंकि वह एक अच्छा क्रिकेटर है। उन्होंने मेरे पिता को भरोसा दिलाया कि जब भी उन्हें किसी मदद की जरूरत होगी, वे उनसे बात कर सकते हैं। वह मुझे फोन करने वाले पहले व्यक्ति थे।"
ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद सामने आया था विवाद
सरफराज ने बताया कि यह पूरा मामला 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के ऑस्ट्रेलिया दौरे के करीब तीन सप्ताह बाद सामने आया था। उस समय वह चोट से उबरने के लिए नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में रिहैबिलिटेशन कर रहे थे। उन्होंने बताया कि फ्लाइट से उतरते ही उनके पास कॉल और मैसेज आने लगे। मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर उनके बारे में कई तरह की बातें लिखी जा रही थीं। अचानक लगे इन आरोपों से वह हैरान थे और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि अपनी बात स्पष्ट करने के लिए किससे संपर्क करें।
सरफराज ने कहा, "मुझे बहुत दुख हुआ। जैसे ही मेरी फ्लाइट लैंड हुई, मुझे कॉल और मैसेज आने लगे, जबकि सोशल मीडिया पर मेरे बारे में बहुत कुछ लिखा जा रहा था। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 20-25 दिन पहले ही खत्म हुई थी। मुझे सीरीज के दौरान चोट लगी थी और मैं रिहैबिलिटेशन के लिए NCA गया था। अचानक ड्रेसिंग रूम में कथित लीक की खबरें आने लगीं। मैं सोच में पड़ गया कि मुझे किससे बात करनी चाहिए।"