IND vs NZ: भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। केएल राहुल के शानदार शतक और शुभमन गिल, ऋषभ पंत व देवदत्त पडिक्कल की बेहतरीन पारियों के दम पर टीम इंडिया ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 486 रन बना लिए। वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे मुकाबले में भारत को पहली पारी के आधार पर 118 रन की बढ़त मिल गई है। न्यूजीलैंड की टीम अपनी पहली पारी में 368 रन पर सिमट गई थी।
भारत की ओर से केएल राहुल सबसे सफल बल्लेबाज रहे। उन्होंने 290 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 136 रन बनाए। राहुल ने धैर्य और संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए भारतीय पारी को संभाला और अपने टेस्ट करियर का 13वां शतक पूरा किया। यह न्यूजीलैंड की धरती पर राहुल का पहला टेस्ट शतक है। इस पारी के साथ उन्होंने एक खास उपलब्धि भी अपने नाम कर ली। राहुल चारों SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं।
उन्होंने 207 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस उपलब्धि के साथ वह उन चुनिंदा एशियाई बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए, जिन्होंने चारों SENA देशों में टेस्ट शतक लगाए हैं। उनसे पहले मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, सईद अनवर, राहुल द्रविड़, यूनिस खान, कुमार संगकारा और विराट कोहली यह कारनामा कर चुके हैं।
न्यूजीलैंड में पहली टेस्ट पारी में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बने राहुल
राहुल ने अपने शतक के साथ भारतीय क्रिकेट इतिहास में भी खास जगह बना ली। वह न्यूजीलैंड में अपनी पहली टेस्ट पारी में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले सुनील गावस्कर ने 116 और सुरिंदर अमरनाथ ने 124 रन की पारी खेलकर यह उपलब्धि हासिल की थी। दोनों ने 1976 में ऑकलैंड में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान शतक लगाए थे।
जायसवाल और पडिक्कल ने भी खेली शानदार पारियां
भारत को पहली पारी में मजबूत शुरुआत दिलाने में यशस्वी जायसवाल का भी अहम योगदान रहा। उन्होंने 89 गेंदों पर 85 रन बनाए, जिसमें 16 चौके शामिल थे। जायसवाल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 165 रन की अहम साझेदारी की। पडिक्कल ने 175 गेंदों पर 80 रन बनाए, जिसमें 10 चौके शामिल रहे। वह अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन टेस्ट शतक से पहले ही आउट हो गए।
शतक से चूके शुभमन गिल, पंत ने तेज अर्धशतक से बढ़ाया स्कोर
शुभमन गिल ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 146 गेंदों पर 98 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। गिल शतक से महज 2 रन दूर थे, तभी जैकब डफी ने उन्हें बोल्ड कर दिया। वहीं, ऋषभ पंत ने अपने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए भारत की स्थिति और मजबूत कर दी। उन्होंने 62 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाए और अपने टेस्ट करियर का 22वां अर्धशतक पूरा किया। पंत ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और बाद में तेजी से रन बनाए। उन्होंने शुरुआती 37 गेंदों पर 15 रन बनाए, जबकि अगली 18 गेंदों में 37 रन ठोक दिए।
भारत ने एक दिन में जोड़े 327 रन, न्यूजीलैंड पर बढ़ा दबाव
भारत ने तीसरे दिन अपनी पहली पारी में 327 रन जोड़े और इस दौरान सिर्फ तीन विकेट गंवाए। दिन की शुरुआत टीम ने 159/1 के स्कोर से की थी। राहुल, पडिक्कल, गिल और पंत की पारियों ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
न्यूजीलैंड के गेंदबाज दिनभर भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में नाकाम रहे। मेजबान टीम को तीन विकेट जरूर मिले, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने साझेदारियां निभाते हुए मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। भारत के पास पहली पारी में 118 रन की बढ़त है और उसके छह विकेट अभी बाकी हैं। ऐसे में चौथे दिन टीम इंडिया की कोशिश अपनी बढ़त को और बड़ा करने की होगी, ताकि मुकाबले में न्यूजीलैंड पर दबाव बनाया जा सके।