Haryana News: हरियाणा के यमुनानगर के जठलाना थाना क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। गुमथला गांव में शुक्रवार सुबह एक खाली प्लॉट में युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की गर्दन पर तेजधार हथियार से वार कर उसकी हत्या की गई थी। मृतक की पहचान 32 वर्षीय सुखविंद्र उर्फ गंगू के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही पांच युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सुखविंद्र 19 नवंबर की शाम करीब साढ़े 6 बजे काम से घर लौटा था। रात करीब 8 बजे वह परिवार में शादी समारोह के चलते बारात घर में हलवाई के काम में हाथ बंटाने चला गया। लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। परिजनों को लगा कि वह शादी समारोह में ही होगा।
शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे परिजनों को सूचना मिली कि सुखविंद्र का शव शराब के ठेके के सामने राम मेहता के खाली प्लॉट में पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि उसकी गर्दन किसी तेजधार हथियार से काटी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया गया।
मृतक के भाई सिंदर सिंह ने सतबीर उर्फ सत्तू, बिंद्र, तिलक राज, साहिल और राजेश कुमार उर्फ काका पर सुखविंद्र को शराब पिलाने के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है। जठलाना पुलिस ने पांचों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस अधीक्षक की ओर से मामले में आगे प्रेस वार्ता किए जाने की बात कही जा रही है।