Bank KYC Update: महीने की शुरुआत में सैलरी आते ही सबको राहत मिलती है, लेकिन जरा सोचिए अगर वही पैसा आपके काम ही न आए तो क्या होगा? किराया भेजना हो, EMI कटनी हो या बिजली का बिल भरना हो, हर जगह पेमेंट फेल हो जाए। कई लोगों के साथ ऐसा सच में हो रहा है। वजह सिर्फ एक है, बैंक KYC अपडेट न कराना। बैंक लगातार मैसेज और ईमेल भेजकर KYC कराने को कहता है, लेकिन हम उसे फालतू समझकर इग्नोर कर देते हैं। बाद में जब खाते पर रोक लग जाती है, तब भागदौड़ शुरू होती है।असल में KYC का मतलब है बैंक का अपने ग्राहक को सही तरीके से जानना।
आप KYC नहीं कराते हैं तो बैंक तुरंत खाता बंद नहीं करता
इसमें आपकी पहचान, घर का पता, मोबाइल नंबर और काम से जुड़ी डिटेल चेक की जाती है। बैंक ये इसलिए करता है ताकि कोई फर्जी नाम पर खाता खोलकर गलत काम न कर सके। पुरानी जानकारी से कई बार धोखाधड़ी, मनी लॉन्ड्रिंग और फर्जी ट्रांजैक्शन का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए RBI ने बैंकों को निर्देश दिया है कि वे समय-समय पर ग्राहकों का रिकॉर्ड फ्रेश रखें। अगर आपके पते या नाम में कोई बदलाव हुआ है, तो बैंक को ये जानकारी देना आपकी जिम्मेदारी है। बदलाव न होने पर सिर्फ एक घोषणा पत्र से भी काम चल जाता है। अगर आप KYC नहीं कराते हैं तो बैंक तुरंत खाता बंद नहीं करता। पहले आपको कई बार याद दिलाया जाता है।
लापरवाही बरती तो पूरा खाता फ्रीज हो सकता है
नियम के हिसाब से बैंक को कुल 6 बार नोटिस देना होता है, तीन डेडलाइन से पहले और तीन डेडलाइन के बाद। इसके बाद भी KYC पूरा नहीं हुआ तो पहले खाते से पैसा निकालने पर रोक लगती है। इसे पार्शियल फ्रीज कहते हैं। इसमें पैसा आ तो सकता है, लेकिन आप उसे निकाल नहीं पाएंगे। इसके बाद भी लापरवाही बरती तो पूरा खाता फ्रीज हो सकता है। तब न पैसा आएगा, न जाएगा। ATM से कैश नहीं निकलेगा, UPI से पेमेंट फेल होगा, नेट बैंकिंग से ट्रांसफर नहीं होगा और चेक भी बाउंस हो सकता है। सैलरी और सरकारी मदद का पैसा भी अटक सकता है। इस परेशानी से बचना बहुत आसान है। बैंक की ऐप, नेट बैंकिंग या नजदीकी ब्रांच में जाकर KYC पूरा किया जा सकता है।
Also read: PM Modi Speech: पीएम मोदी का IIT खड़गपुर से देश को संदेश, आत्मनिर्भर भारत के लिए सोच का दायरा बढ़ाना जरूरी
KYC पूरा होने के बाद बैंक वेरिफिकेशन करता है
इसके लिए आधार, पैन कार्ड, पासपोर्ट या वोटर ID जैसे डॉक्यूमेंट काम आते हैं। KYC पूरा होने के बाद बैंक वेरिफिकेशन करता है और आमतौर पर कुछ घंटों से लेकर 2-3 दिन में खाता फिर से सामान्य हो जाता है। अगर बैंक ने बिना बताए खाता रोक दिया है तो पहले ब्रांच में लिखित शिकायत करें। वहां से हल न निकले तो बैंक के नोडल अधिकारी को लिखें। 30 दिन में भी जवाब न मिले तो RBI के पोर्टल cms.rbi.org.in या 14448 नंबर पर शिकायत कर सकते हैं। बेहतर यही है कि मैसेज आते ही KYC निपटा लें, ताकि पैसों से जुड़ा कोई काम कभी रुके नहीं।