Sonia Gandhi's Book: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) लिखने की वजह बताई है। सोमवार को नई दिल्ली में किताब के विमोचन के दौरान उन्होंने कहा कि उनके परिवार, सास, पति राजीव गांधी, बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी के बारे में कई ऐसी बातें कही गईं, जिनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं था। इसी वजह से उन्होंने अपनी कहानी खुद लोगों के सामने रखने का फैसला किया।
सोनिया गांधी ने कहा कि 'अपनापन' उनकी किताब का एक अहम विषय है। जब कोई व्यक्ति बाहरी होता है तो उसे हमेशा लगता है कि लोग उसे देख रहे हैं। किसी जगह पर स्वीकार किए जाने और उसका हिस्सा बनने की कोशिश आसान नहीं होती। उन्होंने कहा कि एक भारतीय लड़की के लिए किसी नए परिवार और समाज में स्वीकार किया जाना काफी मुश्किल और चुनौतीपूर्ण अनुभव हो सकता है।
सोनिया गांधी ने क्या कहा
किताब के विमोचन के दौरान सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री और अपने दिवंगत पति राजीव गांधी के साथ प्रेम कहानी के शुरुआती दिनों को भी याद किया। उन्होंने दोनों की पहली मुलाकात को जादुई बताते हुए कहा कि एक दोस्त ने उन्हें कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मिलवाया था। उस समय दोनों की जिंदगी काफी बेफिक्र थी। कुछ समय बाद राजीव भारत लौट आए और सोनिया इटली चली गईं। इस दूरी के दौरान दोनों रोज एक-दूसरे को पत्र लिखा करते थे। सोनिया ने बताया कि उन दिनों नीले रंग के एरोग्राम यानी हवाई पत्र इस्तेमाल किए जाते थे। दोनों अपने पत्रों पर नंबर डालते थे और उनमें रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी बातें साझा करते थे।
उन्होंने इस दौर को अपनी जिंदगी का बेहद खास समय बताया। करीब एक साल बाद जब सोनिया की राजीव से दोबारा मुलाकात हुई तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि राजीव का वजन काफी बढ़ गया था। उन्हें एक पल के लिए लगा कि क्या यह वही शख्स है, जिससे वह कैम्ब्रिज में मिली थीं। बाद में राजीव फिर अपने सामान्य वजन में आ गए। सोनिया ने यह भी बताया कि अपने रिश्ते के बारे में माता-पिता को बताना उनके लिए आसान नहीं था, क्योंकि उनके पिता काफी सख्त थे और उस दौर में परिवार में निजी रिश्तों पर खुलकर बातचीत नहीं होती थी।
Also read: छठ पूजा पर दिल्ली वालों के लिए खुशखबरी! मेट्रो अब सुबह 4:30 बजे से, जानिए पूरा शेड्यूल