Delhi Gangster Naseem Rizwan Encounter: उत्तर-पूर्वी दिल्ली और NCR में आतंक का पर्याय बन चुका कुख्यात और आदतन अपराधी नसीम उर्फ रिजवान पिछले कुछ दिनों से दिल्ली पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। अब वह बुलंदशहर में मुठभेड़ में ढेर हो गया है।कानून मंत्री के कैंप कार्यालय के बाहर गैंगवार में अपने विरोधी गिरोह के एक बदमाश पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या करने के मामले में वह पुलिस के रडार पर आ गया था। इसके बाद पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के निर्देश पर स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच ने उसे ढूंढना शुरू कर दिया था।
वर्तमान में तीन आपराधिक मामलों में वह वांछित चल रहा था
न्यू मुस्तफाबाद के राजीव गांधी नगर का रहने वाला नसीम हत्या, हत्या के प्रयास, हथियारों के बल पर लूटपाट, वसूली और पुलिस टीम पर हमले जैसे 25 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वर्तमान में तीन आपराधिक मामलों में वह वांछित चल रहा था, जिसके चलते दिल्ली और यूपी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।पुलिस डोजियर के मुताबिक नसीम का आपराधिक नेटवर्क तेजी से बढ़ता जा रहा था। पहले उसके अंडरवर्ल्ड (डी-कंपनी) से जुड़ने की बात भी सामने आई थी। दिवंगत पाकिस्तानी-कनाडाई पत्रकार तारिक फतह को धमकी देने के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था।
जिन 3 मामलों में थी तलाश
1. सोनिया विहार हत्याकांड (16 नवंबर): 16 नवंबर को खजूरी खास थाना क्षेत्र के सोनिया विहार स्थित जीरो पुश्ता के पास स्कूटी सवार समीर उर्फ भूरा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाइक सवार हमलावरों ने समीर को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। जांच में नसीम द्वारा वारदात को अंजाम देने का पता चला था। यह हत्या उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सक्रिय नसीम दुर्रानी और हारून सैफी गिरोहों के बीच चल रही पुरानी गैंगवार का नतीजा थी।
2. राजा मेवाती हत्याकांड
(26 मई): 26 मई को खजूरी खास के एफ-ब्लॉक (गली नंबर 15) के पास हुई फायरिंग में राजा मेवाती नाम के बदमाश की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस वारदात को भी नसीम ने ही अंजाम दिया था।
3. लोनी में जानलेवा हमला
(11 जून 2025): लोनी के ईदगाह रोड (त्यागी मार्केट) पर बाइक की खरीद-फरोख्त के 25 हजार रुपये के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हुआ था। नसीम ने बकाया रकम वसूलने के लिए शाहबाज को बुलाया था, लेकिन 12 हजार रुपये देने की बात पर विवाद बढ़ गया। बीच-बचाव करने आई एक राहगीर महिला बाबी उर्फ बबीता पर शाहबाज और सलीम ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी थी। नसीम की संलिप्तता सामने आने पर लोनी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था।
Also read: NIA Recruitment 2026: राष्ट्रीय जांच एजेंसी में निकली 50 पदों पर भर्ती, 1.51 लाख रुपये तक मिलेगी सैलरी, 25 नवंबर तक करें आवेदन
2010 से अपराध की दुनिया में था सक्रिय
नसीम का आपराधिक इतिहास 2010 से शुरू हुआ था। 2010 में उसने गोकुलपुरी इलाके में हत्या और लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। 2014 में गोकुलपुरी थाना क्षेत्र में अपने एक साथी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने के लिए नसीम और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला बोला था।
नसीम की आपराधिक कुंडली
नसीम पर खजूरी खास, गोकुलपुरी, दयालपुर, जाफराबाद, हर्ष विहार, करावल नगर, भजनपुरा, सराय रोहिल्ला (दिल्ली), लोनी व सिहानी गेट (गाजियाबाद) के अलावा स्पेशल सेल में 25 से अधिक केस दर्ज हैं। स्पेशल सेल ने उसे आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश के मामले में गिरफ्तार किया था।