Skoda Octavia RS: स्कोडा ने भारत में अपनी पॉपुलर परफॉर्मेंस सेडान Octavia RS की दूसरी खेप लॉन्च कर दी है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 56.69 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी इस बार कार की सिर्फ 50 यूनिट ही बिक्री के लिए उपलब्ध करा रही है। खास बात यह है कि पहली खेप की 100 यूनिट लॉन्च से पहले ही बिक गई थीं। पहली खेप की कीमत 49.99 लाख रुपये थी। यानी दूसरी खेप करीब 6.70 लाख रुपये महंगी है। Skoda Octavia RS की दूसरी खेप के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। कंपनी के मुताबिक इसकी डिलीवरी अगले हफ्ते से शुरू होगी। ग्राहक इस कार को Mamba Green, Velvet Red और Magic Black जैसे तीन रंगों में खरीद सकते हैं। सीमित संख्या में उपलब्ध होने के कारण इसके जल्द बिकने की उम्मीद है।
दमदार इंजन और तेज रफ्तार
Octavia RS में 2.0-लीटर TSI टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 265bhp की पावर और 370Nm का टॉर्क पैदा करता है। इंजन को 7-स्पीड DSG ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। कंपनी के अनुसार यह कार सिर्फ 6.4 सेकेंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी अधिकतम स्पीड इलेक्ट्रॉनिक तरीके से 250 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित है।
कार में स्पोर्ट्स सस्पेंशन, प्रोग्रेसिव स्टीयरिंग और बेहतर चेसिस सेटअप दिया गया है। इससे तेज रफ्तार पर कार की हैंडलिंग और ड्राइविंग बेहतर होने की उम्मीद है।
स्पोर्टी लुक और प्रीमियम इंटीरियर
Octavia RS को सामान्य Octavia के मुकाबले ज्यादा स्पोर्टी लुक दिया गया है। इसमें फुल-LED Matrix हेडलाइट्स, डायनेमिक इंडिकेटर्स वाली LED टेल-लाइट्स, ग्लॉस-ब्लैक डिजाइन एलिमेंट्स और 19-इंच Elias Anthracite अलॉय व्हील्स मिलते हैं। अंदर की तरफ Suedia लेदर सीटें, रेड कॉन्ट्रास्ट स्टिचिंग, इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स सीट्स, मेमोरी, हीटिंग और मसाज फंक्शन दिए गए हैं। इसमें एम्बिएंट लाइटिंग और Virtual Cockpit भी मिलता है। इसके अलावा 32.77 सेंटीमीटर का इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, वायरलेस चार्जिंग और थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स हैं।
सुरक्षा में भी कई फीचर्स
सुरक्षा के लिए कार में 10 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा, हेड-अप डिस्प्ले और ADAS दिया गया है। इसमें Adaptive Cruise Control, Autonomous Emergency Braking और Lane Assist जैसे फीचर्स मिलते हैं। Intelligent Park Assist भी कार का हिस्सा है।
600 लीटर का बड़ा बूट
परफॉर्मेंस कार होने के बावजूद Octavia RS में रोजमर्रा की जरूरतों का भी ध्यान रखा गया है। इसमें 600 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जिसे सीटें फोल्ड करने पर 1,555 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है।
भारत में पुराना है Octavia RS का रिश्ता
भारत में Octavia RS की शुरुआत 2004 में हुई थी। पहली जनरेशन वाली कार देश की शुरुआती टर्बो-पेट्रोल कारों में शामिल थी। इसके बाद Laura RS, Octavia RS 230 और Octavia RS 245 जैसे मॉडल भी भारत में आए। नई Octavia RS, Octavia नाम की 30वीं वर्षगांठ और RS बैज के 50 साल से ज्यादा के इतिहास को भी आगे बढ़ाती है। कंपनी इस कार के साथ 4 साल/1 लाख किलोमीटर की वारंटी, 4 साल की रोडसाइड असिस्टेंस और चार लेबर-फ्री सर्विस भी दे रही है।