INDvsNZ:भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए न्यूजीलैंड दौरा भले ही सीरीज जीत के लिहाज से अच्छा रहा हो, लेकिन आखिरी मुकाबलों में मिली हार ने उनकी कप्तानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैमिल्टन में खेले गए सीरीज के आखिरी मुकाबले में हार के साथ ही श्रेयस अय्यर के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। इस मामले में उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी और विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया है।
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब बड़े स्कोर भी टीमों की जीत की गारंटी नहीं रह गए हैं। बल्लेबाजी के बदलते अंदाज के बीच 200 या उससे अधिक रन बनाने के बावजूद टीमों को हार का सामना करना पड़ रहा है। श्रेयस अय्यर अब टी20 इंटरनेशनल में 190 या उससे अधिक रन का स्कोर डिफेंड करते हुए सबसे ज्यादा मैच गंवाने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम को 24वें मुकाबले तक ऐसे तीन मैचों में हार मिली है, जिनमें टीम 190 या उससे अधिक का स्कोर बचाने उतरी थी। इससे पहले यह रिकॉर्ड एमएस धोनी और विराट कोहली के नाम संयुक्त रूप से था। दोनों की कप्तानी में भारत को ऐसे दो-दो मैचों में हार मिली थी।
धोनी और विराट कोहली को छोड़ा पीछे
टी20 इंटरनेशनल में 190 या उससे अधिक का स्कोर डिफेंड करते हुए सबसे ज्यादा मैच गंवाने वाले भारतीय कप्तानों की सूची में श्रेयस अय्यर पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में एमएस धोनी और विराट कोहली संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। वहीं ऋषभ पंत, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भी भारतीय टीम को ऐसे एक-एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है।
190 या उससे अधिक का स्कोर डिफेंड करते हुए सबसे ज्यादा हारने वाले भारतीय कप्तान
- श्रेयस अय्यर – 3 मैच
- एमएस धोनी – 2 मैच
- विराट कोहली – 2 मैच
- ऋषभ पंत – 1 मैच
- रोहित शर्मा – 1 मैच
- सूर्यकुमार यादव – 1 मैच
रोहित शर्मा के रिकॉर्ड के करीब पहुंचे श्रेयस अय्यर
टी20 इंटरनेशनल में कप्तानी के दौरान हार के आंकड़ों में भी श्रेयस अय्यर अब रोहित शर्मा के रिकॉर्ड के करीब पहुंच रहे हैं। अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम अब तक 24 मुकाबलों में से 10 में हार का सामना कर चुकी है। वहीं रोहित शर्मा ने 62 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भारतीय टीम की कप्तानी की थी, जिसमें टीम को केवल 12 मैचों में हार मिली थी। ऐसे में श्रेयस अय्यर के लिए आने वाले मुकाबलों में टीम को जीत दिलाने के साथ अपनी कप्तानी के रिकॉर्ड में सुधार करना भी अहम होगा।
Also read: "मुझे लगता है कि हम शुरू में अपनी बॉलिंग में थोड़े कमज़ोर रहे", NZ से हार के बाद श्रेयस अय्यर ने बताया हार का कारण