Earthquake News: नेपाल के कोशी प्रांत में मंगलवार सुबह 5.4 तीव्रता का भूकंप आया। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, भूकंप सुबह करीब 7:02 बजे लेलेप के पास आया। नेपाल में आए भूकंप का असर भारत के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिला। इसके अलावा भूटान और बांग्लादेश में भी झटके महसूस किए जाने की खबरें सामने आई हैं। चीन के कुछ इलाकों से भी ऐसी सूचनाएं मिली हैं।
मंगलवार सुबह करीब 7:04 बजे बिहार के समस्तीपुर में धरती अचानक कांप उठी। लगभग दो सेकेंड तक कंपन महसूस किया गया। लंबे अरसे बाद आए इन झटकों से सुबह के समय लोग कुछ देर के लिए असमंजस में पड़ गए और कई लोगों को पहले यह समझ नहीं आया कि अचानक क्या हुआ है।
असम में भी आया भूकंप
नेशनल सेंटर ऑफ सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, मंगलवार तड़के असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भी भूकंप आया। इसकी तीव्रता 2.5 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। भूकंप सुबह 3:39 बजे आया और इसका केंद्र जमीन से करीब 15 किलोमीटर नीचे था।
25.743 N और 93.355 E पर था केंद्र
NCS के मुताबिक, असम में आए भूकंप का केंद्र 25.743 उत्तरी अक्षांश और 93.355 पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। फिलहाल दोनों भूकंपों से हुए नुकसान या किसी के हताहत होने को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।