Rajasthan के अनूपगढ़ में बड़ा हादसा, ट्रक को पीछे से एक क्रूजर ने मारी टक्कर, 6 की मौत

Rajasthan के अनूपगढ़ में बड़ा हादसा, ट्रक को पीछे से एक क्रूजर ने मारी टक्कर, 6 की मौत

Rajasthans Accident: राजस्थान के अनूपगढ़ में बड़ा हादसा हो गया। नेशनल हाईवे 911 पर सलेमपुरा के पास आगे चल रहे ट्रक को पीछे से एक क्रूजर ने टक्कर मार दी। टक्कर से क्रूजर सवार छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला को श्रीगंगानगर रेफर किया गया है। क्रूजर में ड्राइवर के अलावा कुल 7 लोग सवार थे। जानकारी के मुताबिक हादसे का कारण ओवरटेक करना बताया जा रहा है।

हादसा इतना भीषण था कि क्रूजर के परखच्चे उड़ गए। ये भीषण हादसा ओवरटेक करते वक्त हुआ। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने मृतकों को बाहर निकालने का प्रयास किया। मौके पर लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गयी। लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और घायल महिला को नजदीकी अस्पताल भेजा गया। महिला की हालत को देखते हुए उसे श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया है।

रिश्तेदारी में आए हुए थे लोग

जानकारी के मुताबिक क्रूजर में बैठे सभी लोग अनूपगढ़ के गांव 86 जीबी-बी में अपने रिश्तेदारों के यहां जा रहे थे। गांव में रिश्तेदारों से मिलने के बाद सभी लोग क्रूजर गाड़ी में सवार होकर अपने गांव किकरांवाली वापस जा रहे थे, तभी एक ट्रक ने उनकी कार को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन भीषण हादसा हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हर तरफ खून ही खून फैला हुआ था। वो मंजर काफी दर्दनाक था।

चार महिलाओं समेत दो पुरुषों की मौत

हादसे की खबर जब मृतकों के परिजनों तक पहुंची तो घरों में कोहराम मच गया। आपको बता दें कि इस हादसे में चार महिलाओं के साथ-साथ दो पुरुषों की भी मौत हो गई। जबकि एक महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरे मामले की जानकारी डीएसपी अमरजीत चावला ने दी। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है, जांच चल रही है।

Leave a comment