Uttarakhand News: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का सिलसिला जारी है। इसका सबसे ज्यादा असर यातायात और चारधाम यात्रा पर पड़ा है। रुद्रप्रयाग में बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिरोबगड़ के पास पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर सड़क पर गिरने के बाद हाईवे बंद हो गया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने अगले आदेश तक केदारनाथ यात्रा रोक दी है। दोनों तरफ करीब 4 हजार तीर्थ यात्री फंसे बताए जा रहे हैं।
सिरोबगड़ में हाईवे पर गिरा भारी मलबा
धारी देवी मंदिर के पास पहाड़ी से अचानक बड़ी मात्रा में मलबा और बोल्डर हाईवे पर आ गए। इसके बाद सड़क पर यातायात पूरी तरह रुक गया। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मलबा हटाने के लिए प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग की मशीनें मौके पर लगाई गई हैं। हालांकि पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने के कारण सड़क को सुरक्षित तरीके से खोलने में दिक्कत आ रही है। खराब मौसम ने भी राहत और सड़क खोलने के काम को मुश्किल बना दिया है।
4000 यात्री फंसे, हेली सेवा भी बंद
रुद्रप्रयाग में हालात को देखते हुए प्रशासन ने अगले आदेश तक केदारनाथ यात्रा पर रोक लगा दी है। केदारनाथ की हेली सेवाएं पहले से ही बंद हैं। ऐसे में सड़क मार्ग बाधित होने से यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सिरोबगड़ में लैंडस्लाइड की समस्या नई नहीं है। करीब तीन दशक से बरसात के मौसम में यह इलाका बद्रीनाथ हाईवे के लिए चुनौती बना हुआ है। बारिश के दौरान यहां बार-बार मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात बाधित होता है।
चार जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने टिहरी, हरिद्वार, देहरादून और पौड़ी में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में ऑरेंज अलर्ट है। अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़, ऊधम सिंह नगर और बागेश्वर में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अलकनंदा-मंदाकिनी का बढ़ा जलस्तर
भारी बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। रविवार को अलकनंदा का जलस्तर 626.100 मीटर और मंदाकिनी का 625.100 मीटर दर्ज किया गया। नदी किनारे बसे क्षेत्रों में खतरा बढ़ने को देखते हुए रुद्रप्रयाग का डीईओसी अलर्ट मोड पर है। लोगों से नदी के पास नहीं जाने और आपात स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की जा रही है।
Also read: Uttarakhand News: PM मोदी ने ‘मन की बात’ में माणा से जनगणना शुरू होने की सराहना की, CM धामी ने बताया गौरव का विषय