Kal Ka Mausam 28 September 2026: देश के कई हिस्सों में मानसून का असर अभी भी बना हुआ है। पूर्वी और उत्तरी राज्यों में भारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने 28 सितंबर को 20 राज्यों के लिए बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा भी बताया गया है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन
मौसम में बदलाव की बड़ी वजह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन बताया जा रहा है। इसके प्रभाव से ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है। मछुआरों को समुद्र में न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा असम और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में भी दबाव का क्षेत्र बना है, जिससे मौसम पर असर पड़ रहा है।
दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में अलर्ट
28 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान-निकोबार और केरल में बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। दिल्ली में मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
यूपी-बिहार में तेज बारिश और हवाएं
उत्तर प्रदेश के बिजनौर, रामपुर, बरेली, मुरादाबाद, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, बहराइच, गोरखपुर, कुशीनगर, आगरा, अलीगढ़, कानपुर, प्रयागराज समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। बिहार के पश्चिमी चंपारण, पटना, भोजपुर, गोपालगंज, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, पूर्णिया, किशनगंज, भागलपुर और बांका समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की संभावना है। हवा की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड का खतरा
उत्तराखंड के हरिद्वार, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल और नैनीताल में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी है। हिमाचल प्रदेश के मंडी, सोलन, बिलासपुर, किन्नौर, कुल्लू, मनाली और अन्य इलाकों में भी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर के राजौरी, बारामूला, गांदरबल, डोडा, कठुआ और सांबा में भी मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।
ओडिशा-छत्तीसगढ़ में तेज आंधी की चेतावनी
ओडिशा के कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश के साथ 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवा की चेतावनी दी गई है। पश्चिम बंगाल में भी 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले इलाकों, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Also read: नितिन गडकरी का बड़ा ऐलान, अक्टूबर में आएगी 100% एथेनॉल से चलने वाली कार