Rahul Gandhi Punjab Rally:पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार (4 नवंबर) को संगरूर में आयोजित 'इंसाफ रैली' में पहुंचे। यहां उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) की भगवंत मान सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने पंजाब में नशे की समस्या, कानून-व्यवस्था और गैंगस्टरवाद का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान पर व्यक्तिगत आरोप भी लगाए।
राहुल गांधी ने दावा किया कि जब वह लोकसभा में भगवंत मान के साथ बैठते थे, तब मुख्यमंत्री उनके पास आकर चुटकुले सुनाया करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सुबह 11 बजे भी भगवंत मान के मुंह से शराब की बू आती थी। राहुल के इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
पंजाब में चिट्टा और गैंगस्टरवाद का मुद्दा उठाया
राहुल गांधी ने पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य में सिंथेटिक ड्रग्स और चिट्टा बड़ी चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में उद्योग और बुनियादी ढांचे का विकास जरूरी है, क्योंकि रोजगार और विकास के अवसरों की कमी से युवाओं के सामने मुश्किलें बढ़ती हैं। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि पंजाब में गैंगस्टरवाद और नशे का कारोबार बढ़ रहा है। राहुल ने कहा कि सरकार को इन समस्याओं से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
अमित शाह और पीएम मोदी पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी हमला बोला। उन्होंने नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए तीन साल की समयसीमा तय करने के दावे पर सवाल उठाए। राहुल ने गुजरात में अडानी के पोर्ट पर पकड़ी गई ड्रग्स की खेप का जिक्र करते हुए पूछा कि हजारों किलो हेरोइन और नशीले पदार्थों की बरामदगी के बाद क्या कार्रवाई की गई? उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी बहस की चुनौती दी। राहुल गांधी ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री विपक्ष को देशविरोधी बताते हैं तो उन्हें किसी भी मंच पर इस मुद्दे पर खुली बहस करनी चाहिए।
2027 विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शुरू किया अभियान
संगरूर की यह इंसाफ रैली पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के अभियान की औपचारिक शुरुआत भी मानी जा रही है। रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस ने इस रैली के जरिए भगवंत मान सरकार को नशे, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर घेरा। पार्टी का कहना है कि पंजाब के युवाओं, किसानों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को चुनावी अभियान में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
Also read: 1 नवंबर को SIR के खिलाफ विपक्ष निकालेगा मार्च, राहुल गांधी ने बताया रूट