PM Modi in Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के विजयरनगरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोगपुरम में कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी, उनका उद्घाटन किया और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। साथ ही उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन आंध्र प्रदेश के विकास के लिए, स्वर्ण आंध्र के विजन के लिए, यह बहुत अहम है। मुझे आज बहुत शुभ अवसर पर एक शुभ मास में उत्तर आंध्र की इस पवित्र भूमि पर आने का सौभाग्य मिला है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज यहां करीब 18000 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शुभांरभ, लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। एयरपोर्ट के साथ-साथ यह परियोजनाएं आंध्र की रोड कनेक्टिविटी से भी जुड़े हैं। इनमें ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाएं भी हैं। यह विकास कार्य इस बात के प्रतीक हैं कि इस समय आंध्र किस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह चंद्रबाबू नायडू की विशेषता है कि उन्होंने दो क्षितिजों को छुआ है। एक तरफ ऊंचे आसमान को छूने वाली व्यवस्था यानी एयरपोर्ट का निर्माण और दूसरी तरफ यहां की आदिवासी बहनों द्वारा धिमसा नृत्य का विश्व रिकॉर्ड बनाना। मैं चंद्रबाबू के इस विजन की सराहना करता हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह एयरपोर्ट आंध्र और उत्तर आंध्र की ग्रोथ का रनवे है। यह आंध्र के युवाओं के बेहतर भविष्य का लांच पैड है। मैं आंध्र प्रदेश के लोगों को बहुत बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि पहले जब एयरपोर्ट बनते थे, तो एयरपोर्ट के नाम एक ही परिवार के नाम पर चढ़ जाते थे। हमने इस परंपरा को बदला। हमने अयोध्या में एयरपोर्ट का नाम वाल्मीकि के नाम से जोड़ा। हमने पंजाब में संत रविदास जी के नाम से एयरपोर्ट का नाम जोड़ा और केंद्र की NDA सरकार ने ये निर्णय किया है कि इस नए एयरपोर्ट का नाम श्री अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "बीते 12 वर्षों में देश के एविएशन सेक्टर ने असाधारण प्रगति की है। 2014 तक देश में केवल 74 एयरपोर्ट ऑपरेशनल थे, आज ये संख्या 166 है। एक समय था, जब हवाई उड़ाने सिर्फ बड़े शहरों तक ही सीमित थी, NDA सरकार में आज छोटे शहर के साधारण लोग भी फ्लाइट से आ-जा रहे हैं।