Bihar News: बिहार में कृषि विपणन व्यवस्था को आधुनिक, सुदृढ़ और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को गयाजी और पटना के मुसल्लहपुर स्थित कृषि बाजार प्रांगणों को आम जनता को समर्पित करेंगे। बिहार सरकार के कृषि विभाग के तहत कृषि विपणन निदेशालय ने इन दोनों बाजार प्रांगणों का जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण कराया है। इस संबंध में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि किसानों को केवल बेहतर उत्पादन का अवसर देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी उपज के उचित विपणन के लिए आधुनिक और व्यवस्थित बाजार उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकता है।
गयाजी कृषि बाजार प्रांगण के विकास पर 90.02 करोड़ रुपये खर्च किए गए
राज्य सरकार कृषि बाजारों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि किसानों, व्यापारियों और कृषि व्यवसाय से जुड़े लोगों को बेहतर व्यावसायिक वातावरण मिल सके। पटना के मुसल्लहपुर कृषि बाजार प्रांगण के जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण पर 68.41 करोड़ रुपये और गयाजी कृषि बाजार प्रांगण के विकास पर 90.02 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस प्रकार दोनों बाजार प्रांगणों के विकास पर कुल 158.43 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
आधुनिक आधारभूत सुविधाओं से सुसज्जित हुए बाजार प्रांगण
इन बाजार प्रांगणों में किसानों, व्यापारियों, श्रमिकों और आम नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न आधारभूत संरचनाओं और सुविधाओं का विकास किया गया है। इसके तहत वेंडिंग प्लेटफॉर्म, दुकानों का निर्माण, वे-ब्रिज, जल निकासी व्यवस्था, प्रशासनिक भवन, आंतरिक सड़कों का निर्माण, श्रमिक विश्राम गृह, सोलर पैनल, मछली बाजार, कर्मचारी कैंटीन, केला मंडी और अपशिष्ट निपटान के लिए कम्पोस्टिंग संयंत्र जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
किसानों और व्यापारियों को मिलेगा बेहतर व्यावसायिक वातावरण
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बाजार प्रांगणों के आधुनिकीकरण से किसानों और व्यापारियों को कृषि उत्पादों के क्रय-विक्रय और विपणन के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। व्यवस्थित दुकानों, आधुनिक वेंडिंग प्लेटफॉर्म, बेहतर सड़क और जल निकासी व्यवस्था से बाजार की गतिविधियां अधिक सुचारु और व्यवस्थित होंगी। श्रमिक विश्राम गृह और कर्मचारी कैंटीन जैसी सुविधाओं से बाजार से जुड़े श्रमिकों और कर्मचारियों को भी लाभ मिलेगा।
Also read: बिहार में 2.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, मुख्यमंत्री बोले - निवेशक बिहार पर विश्वास करें, उद्योग को बढ़ायें
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान
बाजार प्रांगणों में सोलर पैनल की व्यवस्था से नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, कम्पोस्टिंग संयंत्र के माध्यम से बाजार से निकलने वाले अपशिष्ट का समुचित प्रबंधन किया जा सकेगा। इन व्यवस्थाओं से बाजार प्रांगणों को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी। कृषि मंत्री ने कहा कि बिहार में कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उत्पादन के साथ-साथ भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन की सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को अपनी उपज के विपणन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें आधुनिक बाजार व्यवस्था का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कृषि अवसंरचना के विकास को नई गति मिली है। बिहार के इन दोनों कृषि बाजार प्रांगणों का आधुनिकीकरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा लक्ष्य है कि बिहार के कृषि बाजार किसानों की सुविधा, कृषि व्यापार की मजबूती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की समृद्धि के केंद्र बनें।