Blind Cricket Asia Cup 2026: ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला बारिश के कारण नहीं हो सका। लेकिन इसके बाद पाकिस्तान को बेहतर रन रेट के आधार पर चैंपियन घोषित कर दिया गया। इस फैसले से नाराज भारतीय टीम ने ट्रॉफी सेरेमनी का बहिष्कार कर दिया। अब भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ भविष्य में होने वाले मुकाबलों के बहिष्कार की भी चेतावनी दी है। ढाका में शुक्रवार को मेंस ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप 2026 का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाना था।
बारिश के कारण मुकाबले में टॉस तक नहीं हो सका
लगातार बारिश के कारण मुकाबले में टॉस तक नहीं हो सका। इसके बाद टूर्नामेंट के आयोजकों ने पाकिस्तान को बेहतर रन रेट के आधार पर विजेता घोषित कर दिया। भारत को उपविजेता बताया गया। भारतीय खिलाड़ियों और अधिकारियों ने इस फैसले का विरोध करते हुए इसे टूर्नामेंट के नियमों के खिलाफ बताया।क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) के सचिव शैलेंद्र यादव ने कहा कि जब तक इस विवाद का समाधान नहीं होता, भारतीय टीम भविष्य में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले नहीं खेलेगी।
कहां से शुरू हुआ विवाद?
दरअसल, विवाद तब शुरू हुआ जब वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (WBCC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख सुल्तान शाह ने कथित तौर पर WBCC की तकनीकी समिति के फैसले को पलट दिया। तकनीकी समिति ने भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित करने पर सहमति जताई थी। लेकिन इसके बाद मैच रेफरी को पाकिस्तान को चैंपियन घोषित करने का निर्देश दिया गया। उस समय पाकिस्तान का रन रेट भारत से बेहतर था।भारतीय टीम का कहना है कि नेट रन रेट के आधार पर फाइनल का विजेता तय नहीं किया जा सकता। यह नियम लीग या क्वालिफाइंग मुकाबलों में टीमों की रैंकिंग तय करने के लिए इस्तेमाल होता है, न कि बारिश से धुल गए फाइनल में चैंपियन चुनने के लिए।
Also read: IND vs NZ: यशस्वी जायसवाल-केएल राहुल की जोड़ी ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड की धरती पर 21वीं सदी की पहली शतकीय ओपनिंग साझेदारी
मैच अधिकारी ने टूर्नामेंट के नियमों की भाषा और उनकी व्याख्या पर भी सवाल उठाए
भारतीय खेमे के एक मैच अधिकारी ने टूर्नामेंट के नियमों की भाषा और उनकी व्याख्या पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'यह क्लॉज बिल्कुल स्पष्ट है, लेकिन इसे सही तरीके से नहीं लिखा गया है। अगर आप इसे ध्यान से पढ़ेंगे तो पाएंगे कि इसकी भाषा ठीक नहीं है।'अधिकारी का आरोप था कि अगर आयोजक बारिश के कारण फाइनल रद्द होने की स्थिति में नेट रन रेट से विजेता तय करना चाहते थे तो इसके लिए अलग प्रावधान होना चाहिए था। उनका यह भी कहना था कि खेलने की शर्तों में किए गए बदलावों को टीमों के साथ साझा किए गए दस्तावेज में प्रमुखता से नहीं बताया गया। कप्तानों की बैठक में भी इस पर चर्चा नहीं हुई थी।