PM Modi in Bengaluru: कर्नाटक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु के एस-व्यासा (S-VYASA) विश्वविद्यालय में 'प्रशांति कुटीरम' के स्वर्ण जयंती समारोह और एच.वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरलम के तिरुवनंतपुरम में 'गोल्डन जुबली एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक' की आधारशिला रखी और S-VYASA ऑफ-कैंपस का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज बेंगलुरु में मुझे योग की अद्भुत ऊर्जा को अनुभव करने का अवसर मिल रहा है। कर्नाटक की ये धरती सदियों से योग का केंद्र रही है। योग से जुड़े कितने ही आचार्यों और विद्वानों ने यहां जन्म लिया है और योग की परंपरा को समृद्ध भी किया है। उन्होंने कहा कि "भारत में योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में भी मान्यता दी गई है। खेलो इंडिया और नेशनल गेम्स जैसे आयोजनों में भी योगासन के लिए नई जगह बनी है। ये बदलाव भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इससे योग से जुड़े लोगों के लिए प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के भी रास्ते खुल गए हैं।
योग की तरह आयुर्वेद को भी भारत सरकार निरंतर बढ़ावा दे रही है- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि योग की तरह आयुर्वेद को भी भारत सरकार निरंतर बढ़ावा दे रही है। आजादी के इतने सालों के बाद देश में पहली बार एक अलग आयुष मंत्रालय बनाया गया है। हमने आयुर्वेद से जुड़ी रिसर्च और आयुर्वेद आधारित पेटेंट को प्रोत्साहन दिया और आज इसका भी परिणाम हमारे सामने है। भारत से आयुष और हर्बल उत्पादों का निर्यात लगातार बढ़ रहा है।