Microsoft की सर्विस डाउन होने से पूरी दुनिया में हाहाकार मचा हुआ है। कंपनी की कई सर्विसेज 15 घंटे से अधिक समय से डाउन हैं। इसका असर प्रोफेशनल्स से लेकर एयरलाइंस तक पर दिख रहा है। दुनियाभर के यूजर्स को Outlook, Teams और दूसरी जरूरी सर्विसेज का एक्सेस नहीं मिल पा रहा है। अब Microsoft ने घोषणा की है कि दुनिया भर में ठप पड़े Microsoft 365 की सेवाओं को सुधारने के लिए जारी किया गया उसका पैच आखिरकार काम करने लगा है।
कब शुरू हुआ संकट?
इस बड़े संकट की शुरुआत गुरुवार रात करीब 11:30 बजे (IST) हुई थी, जब अमेरिका के यूजर्स ने शिकायत की कि वे अपने Exchange Online मेलबॉक्स तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। जल्द ही Microsoft ने पुष्टि कर दी कि इसका असर दुनिया के किसी भी हिस्से के यूजर्स पर पड़ सकता है।इस आउटेज से Exchange Online, Microsoft Teams, SharePoint Online, Microsoft 365 Copilot और Microsoft Defender XDR प्रभावित हैं। वहीं आम यूजर्स को Outlook.com, OneDrive, OneNote, Microsoft To Do और वेब आधारित Microsoft 365 चलाने में भारी दिक्कत हो रही है।शुरुआत में कंपनी ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर अचानक बढ़े लोड को जिम्मेदार ठहराया था। बाद में साफ किया कि ट्रैफिक में उछाल नहीं आया, बल्कि कई मेन सर्वर्स ऑफलाइन चले गए, जिससे बाकी सर्वर्स पर दबाव बढ़ गया।
Also read: सेंसेक्स में 318 अंकों की बड़ी गिरावट, निवेशकों के डूबे लाखों करोड़, निफ्टी 25144 पर बंद
साइबर अटैक नहीं है वजह
Microsoft ने बार-बार साफ किया है कि इस गड़बड़ी के पीछे किसी साइबर अटैक का हाथ नहीं है। कंपनी ने कहा कि फिलहाल ऐसी किसी संदिग्ध एक्टिविटी की जानकारी नहीं मिली है। कंपनी ने वादा किया है कि समस्या ठीक होने के बाद डिटेल्ड 'पोस्ट-इंसिडेंट रिपोर्ट' जारी की जाएगी।
दुनिया भर में असर
इस आउटेज का असर केवल दफ्तरों तक सीमित नहीं रहा। भारत में IndiGo और Akasa Air की ईमेल सपोर्ट सर्विसेज प्रभावित हुईं। OpenAI और Anthropic ने भी Microsoft कनेक्टर्स में दिक्कत की पुष्टि की। जापान में सरकारी ईमेल सेवाएं बंद हो गईं, जिसके बाद अधिकारी टेक्स्ट मैसेजेस से काम चला रहे हैं।ब्रिटेन में पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन शिकायत के बजाय 101 पर कॉल करने की अपील की, जबकि स्कूलों ने अभिभावकों को फोन पर सूचना देने को कहा। सिंगापुर और ताइवान में व्यापारियों ने डील्स के लिए फोन कॉल्स और WhatsApp का सहारा लिया।