Stock Market Crash: शुक्रवार का दिन शेयर बाजार के निवेशकों के लिए भारी रहा। दिन भर बिकवाली के दबाव में बाजार धड़ाम हो गया और अंत में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में बंद हुए।कारोबार खत्म होने के बाद सेंसेक्स 318.56 अंक यानी 0.39% की गिरावट के साथ 81,592.45 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स पर आज चुनिंदा दिग्गज शेयरों में हुई बिकवाली का सीधा असर देखने को मिला। वहीं निफ्टी 50 इंडेक्स भी 155.05 अंक यानी 0.61% फिसलकर 25,144.30 के स्तर पर बंद हुआ। पूरे सत्र के दौरान बाजार में खरीदारों का जोश ठंडा नजर आया और निफ्टी पर सेंसेक्स के मुकाबले प्रतिशत के आधार पर अधिक गिरावट दर्ज की गई।
रियल्टी, मेटल और बैंकिंग में सबसे ज्यादा गिरावट
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो आज सबसे ज्यादा पिटाई रियल एस्टेट सेक्टर में हुई। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में 1.39% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जो सभी प्रमुख सेक्टर्स में सबसे अधिक रही। इसके अलावा कमोडिटी शेयरों में भी कमजोरी हावी रही, जिसके चलते निफ्टी मेटल इंडेक्स 0.98% फिसलकर बंद हुआ।वित्तीय और बैंकिंग क्षेत्र के शेयरों ने भी बाजार को नीचे खींचने का काम किया। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स में 0.78% की गिरावट आई। निजी बैंकों में बिकवाली से निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 0.76% टूट गया, जबकि सरकारी बैंकों का सूचकांक निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स भी 0.51% की कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुआ।
Also read: NTA Recruitment 2026: सरकारी नौकरी का बड़ा धमाका! NTA ने डायरेक्टर समेत 13 पदों पर निकाली भर्ती, जानें आवेदन प्रक्रिया
आईटी, फार्मा और FMCG में भी दिखी सुस्ती
आज के सत्र में तकनीकी और दवा कंपनियों के शेयरों में भी निवेशकों ने मुनाफावसूली की। इसके चलते निफ्टी आईटी इंडेक्स में 0.72% की गिरावट दर्ज की गई। हेल्थकेयर और फार्मा सेक्टर भी बाजार के दबाव से बच नहीं सके, जहां निफ्टी फार्मा इंडेक्स 0.49% और निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स 0.38% टूटकर बंद हुए।मीडिया कंपनियों के शेयरों में भी सुस्ती रही और निफ्टी मीडिया इंडेक्स 0.20% नीचे बंद हुआ। रोजमर्रा के उपभोग उत्पाद बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में मिला-जुला रुख रहा, लेकिन कारोबार के अंत में निफ्टी FMCG इंडेक्स भी 0.01% की मामूली गिरावट के साथ लाल निशान में ही बंद हुआ।कुल मिलाकर आज बाजार में हर तरफ बिकवाली हावी रही। अब निवेशकों की नजर अगले हफ्ते के कारोबार और ग्लोबल संकेतों पर रहेगी।