Haryana solar scheme: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने सोलर पैनल कनेक्शनों को बढ़ावा देने के लिए एक नई और आसान सुविधा शुरू की है। इसके तहत उपभोक्ताओं के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 9888101912 जारी किया गया है। इस नंबर पर सिर्फ एक मिस्ड कॉल करने से ही बिजली निगम के अधिकारी उपभोक्ता से संपर्क करेंगे और सोलर पैनल से जुड़ी पूरी जानकारी देंगे। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य आम लोगों को सोलर पैनल के बारे में जागरूक करना और उन्हें आवेदन प्रक्रिया में मदद करना है। कई उपभोक्ताओं को अभी तक सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया, दस्तावेज और जरूरी शर्तों की पूरी जानकारी नहीं है। खासकर आवेदन फॉर्म में वेंडर का कॉलम अक्सर खाली रह जाता है, जबकि यह अनिवार्य होता है। इसी वजह से कई बार आवेदन प्रक्रिया में दिक्कत आती है।
बिजली निगम की टीम करेगी मदद
अब इस समस्या को दूर करने के लिए बिजली निगम की टीम खुद उपभोक्ताओं की मदद करेगी। मिस्ड कॉल करने के बाद संबंधित क्षेत्र के अधिकारी उपभोक्ता से संपर्क करेंगे और उन्हें सोलर पैनल लगाने की पूरी प्रक्रिया समझाएंगे। जरूरत पड़ने पर निगम की टीम घर जाकर सोलर पैनल लगाने में भी मदद करेगी। इसके साथ ही अधिकारियों को भी सोलर पैनल कनेक्शन लेने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वे खुद इस योजना के फायदे समझ सकें और आम लोगों को बेहतर तरीके से जानकारी दे सकें। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम ने यह आदेश जारी किए हैं। उनका कहना है कि इससे न सिर्फ सोलर कनेक्शनों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि अधिकारियों को जमीनी स्तर की समस्याओं का भी अनुभव मिलेगा।
सोलर पैनल लगाने पर मिलेगी सब्सिडी
सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने पर सब्सिडी भी दी जाती है। इस योजना का उद्देश्य लोगों के बिजली बिल को कम करना और उन्हें हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ देना है। सब्सिडी की बात करें तो 1 किलोवाट सिस्टम पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक सिस्टम पर 78 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। बिजली निगम के एसई एफआर नक्वी ने बताया कि यह नंबर मुख्यालय की ओर से जारी किया गया है। उपभोक्ता जैसे ही इस पर मिस्ड कॉल करेंगे, संबंधित टीम तुरंत उनसे संपर्क करेगी और घर पर ही सोलर पैनल लगाने में मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
Also read: Haryana: हरियाणा में गो-तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक आरोपी पैरों में गोली लगने से घायल