White Water Rafting: भारतीय सेना के जवानों ने गंगा की तेज जलधाराओं और चुनौतीपूर्ण रैपिड्स के बीच अपने साहस और कौशल का प्रदर्शन करने के लिए 150 किलोमीटर लंबे व्हाइट वॉटर राफ्टिंग अभियान की शुरुआत की है। भारतीय सेना की 8वीं बटालियन, द मराठा लाइट इन्फैंट्री ने आर्मी एडवेंचर विंग के सहयोग से इस अभियान को शुरू किया है। यह अभियान उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग से ऋषिकेश तक आयोजित किया जा रहा है।
कैप्टन जयराज कांदिल के नेतृत्व में निकला 19 जवानों का दल
इस अभियान में कैप्टन जयराज कांदिल के नेतृत्व में 19 सैन्यकर्मी हिस्सा ले रहे हैं। 26 से 29 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जवान गंगा नदी के चुनौतीपूर्ण रास्तों पर राफ्टिंग करेंगे। उनका निर्धारित नदी मार्ग रुद्रप्रयाग, श्रीनगर, देवप्रयाग होते हुए ऋषिकेश तक है। अभियान का समापन ऋषिकेश स्थित वीरभद्र बैराज पर किया जाएगा।
व्हाइट वॉटर राफ्टिंग अभियान का उद्देश्य
इस अभियान का मकसद केवल साहसिक खेलों में हिस्सा लेना नहीं है, बल्कि सैन्यकर्मियों को कठिन परिस्थितियों में अपनी क्षमता पहचानने और उसे बेहतर बनाने का अवसर देना भी है। तेज बहाव और मुश्किल रैपिड्स के बीच राफ्टिंग से जवानों के धैर्य, निर्णय लेने की क्षमता और आपसी तालमेल की परीक्षा होगी। इसके साथ ही अभियान के जरिए जवानों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, भाईचारा और टीम भावना को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। ऐसी गतिविधियां सैन्यकर्मियों को चुनौतियों का सामना करने और विपरीत परिस्थितियों में एकजुट होकर काम करने के लिए प्रेरित करती हैं।
Also read: Uttarakhand News: उत्तराखंड में ब्लॉक प्रमुखों के लिए CM धामी की 4 बड़ी घोषणाएं, मानदेय से लेकर पंचायत निधि तक होगा फायदा