Stock Market Today: दिवाली का त्योहार अभी कुछ दिन दूर है, लेकिन शेयर बाजार में आज से ही पटाखे फूटने लगे हैं। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने रॉकेट जैसी तेजी के साथ शुरुआत की और निवेशकों की दिवाली पहले ही मना दी। सुबह 9:15 बजे बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 1,014 अंकों से ज्यादा की छलांग लगाकर 75,473 के पार पहुंच गया। सेंसेक्स में करीब 1.36 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। वहीं, निफ्टी 50 भी 274 अंक यानी 1.19 फीसदी उछलकर 23,327 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
किस सेक्टर ने भरी सबसे ज्यादा उड़ान?
आज की इस तेजी का असली हीरो एनर्जी सेक्टर रहा। निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 2 फीसदी से ज्यादा की बंपर तेजी आई। इसके अलावा ऑटो और आईटी सेक्टर ने भी बाजार को सहारा दिया। निफ्टी ऑटो 0.77 फीसदी और निफ्टी आईटी 0.51 फीसदी की बढ़त पर रहा। हालांकि, रियल्टी और मीडिया सेक्टर पर दबाव दिखा। निफ्टी रियल्टी 0.74 फीसदी टूट गया।
रिलायंस ने दिखाया दम, 6% उछला शेयर
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में सबसे ज्यादा चमक रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में दिखी। रिलायंस का शेयर 6 फीसदी से ज्यादा उछल गया। इसके अलावा NTPC, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, मारुति और SBI टॉप गेनर्स की लिस्ट में रहे।दूसरी तरफ, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, टाइटन और इंफोसिस के शेयरों में गिरावट आई और ये लाल निशान पर रहे।
Also read: Delhi GRAP Action: GRAP लागू होते ही दिल्ली में सख्ती, 7,000 से ज्यादा गाड़ियों की चेकिंग, 714 को बॉर्डर से लौटाया
क्रूड ऑयल में गिरावट से मिला सहारा
ग्लोबल मार्केट से भी अच्छी खबर आई। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भारतीय बाजार को बूस्ट मिला। ब्रेंट क्रूड 3 फीसदी गिरकर 109.97 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि अमेरिकी क्रूड WTI भी 3 फीसदी टूटकर 100.81 डॉलर पर पहुंच गया। क्रूड के सस्ता होने से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों और पेंट समेत कई सेक्टर्स को फायदा होता है, जिसका असर आज बाजार में साफ दिखा।एक्सपर्ट्स का कहना है कि दिवाली से पहले विदेशी निवेशकों की वापसी और तिमाही नतीजों के बेहतर रहने की उम्मीद से बाजार में जोश है।