INDIA bloc rally Ramlila Maidan: आज 01 नवंबर 2026 रविवार को देश की राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की 'चलो दिल्ली' रैली होने वाली है। इस रैली में विपक्षी पार्टियों के नेता, कार्यकर्ता, छात्र समूह समेत बड़ी संख्या में आमजन शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। तो वहीं, विपक्षी पार्टी की इस बड़ी रैली को लेकर दिल्ली पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने साफ तौर पर कहा है कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। बता दें, यह रैली मुख्य रूप से मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ की जा रही है। विपक्षी दलों की मांग है कि ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दे दें। इसके लिए विपक्ष “वोट बचाओ-देश बचाओ” अभियान चला रहा है।
'चलो दिल्ली' रैली को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था
मालूम हो कि रैली स्थल और उसके आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ पुलिस ने सुरक्षा के लिए विशेष जोन तैयार किए है, ताकि आमजन को किसी भी तरह की समस्या न हो। इसके लिए पुलिस ने 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तनात किया है। इसके अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कंपनियों को भी सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी के साथ पुलिस ने रामलीला मैदान को 14 अलग-अलग सुरक्षा जोन में बांट दिया है। जिसकी जिम्मेदारी असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) रैंक के अधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
Also read: दिल्ली में सुपर सियासी संडे, रामलीला मैदान में विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, तो BJP का सिख मार्च, पीड़ितों की भी एंट्री
200 से ज्यादा CCTV कैमरों से होगी निगरानी
पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ रामलीला मैदान और आसपास के संवेदनशील इलाकों में 200 से ज्यादा CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं। इनमें हाई-डेफिनिशन और कुछ AI-सक्षम कैमरे भी शामिल हैं। इसके अलावा ड्रोन के जरिए भी कार्यक्रम से जुड़ी हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। बताते चले कि पुलिसकर्मियों को बॉडी-वॉर्न कैमरे दिए गए हैं।
45,000 से 50,000 लोगों के पहुंचने की आशंका
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP), सेंट्रल, रोहित राजबीर ने कहा कि INDIA ब्लॉक की 'चलो दिल्ली' रैली में लगभग 45,000 से 50,000 लोग पहुंच सकते हैं, जिसके लिए व्यापक इंतजाम भी किए गए है। उन्होंने कहा 'हम यहां लगभग 45,000 से 50,000 लोगों की भीड़ को एडजस्ट कर सकते हैं। हमें उम्मीद है कि अगर इतने लोग आते हैं, तो जगह भर जाएगी; अगर ज़्यादा लोग आते हैं, तो हम उन्हें आस-पास की सड़कों पर एडजस्ट करेंगे। ग्राउंड का एक बड़ा हिस्सा अभी भी खाली है, इसलिए आने वाले ज़्यादातर लोगों को यहां एडजस्ट किया जा सकेगा।' उन्होंने आगे बताया कि कार्यक्रम को मैनेज करने के लिए सेंट्रल और नई दिल्ली में दिल्ली पुलिस, सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF), CRPF और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) समेत करीब 10,000 पुलिस और पैरामिलिट्री के जवानों को तैनात किया गया था।