AFSO arrested Haryana: हरियााणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) द्वारा भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एसीबी ने भिवानी में तैनात सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी (AFSO) मुकेश कुमार को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शिकायतकर्ता से राशन डिपो का लाइसेंस जारी करवाने की एवज में कुल 1.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
राशन डिपो का लाइसेंस जारी करने के बदले मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि भिवानी में तैनात AFSO मुकेश कुमार ने सुमन धर्मपत्नी कृष्ण के नाम राशन डिपो का लाइसेंस जारी करवाने के बदले 1.50 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। सुमन ने इस कार्य के लिए शिकायतकर्ता को अधिकृत किया हुआ था।शिकायत के अनुसार, आरोपी पहले ही 20,000 रुपये की राशि ले चुका था। इसके बाद शेष भुगतान में से 1 लाख रुपये लेते हुए उसे एसीबी की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया। शेष 30,000 रुपये काम पूरा होने के बाद देने की बात तय हुई थी।
Also read: झज्जर में बड़ी कार्रवाई, DC वर्षा खांगवाल ने सरपंच ज्योति को किया सस्पेंड, गंभीर आरोपों में जांच शुरू
ACB यूनिट भिवानी द्वारा बिछाया गया ट्रैप, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर ACB यूनिट भिवानी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया और आरोपी को 1 लाख रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। ट्रैप की कार्रवाई में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया। इस संबंध में थाना SV&ACB हिसार में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को 5 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच एवं नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जारी है।
सतर्क हरियाणा’ ऐप के माध्यम से भी दर्ज कराएं भ्रष्टाचार की शिकायत
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो प्रमुख ए एस चावला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार सरकारी कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी सुनिश्चित करने तथा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। ACB आमजन से अपील करता है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज कराएं। इस ऐप के जरिए नागरिक अपनी शिकायत के साथ फोटो, वीडियो, ऑडियो या पीडीएफ दस्तावेज भी अपलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी दर्ज कराई जा सकती हैं। ब्यूरो प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।