
Boat Capsized In Mumbai: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक बड़ा हादसा हो गया। गेटवे ऑफ इंडिया के पास लोगों से भरी एक नाव अचानक पलटी मार दी। इस हादसे में 101 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है और 13 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में 10 नागरिक और 3 नौसेना के जवान हैं। इस नाव पर 100 से ज्यादा लोग सवार थे।
पुलिस के मुताबिक, जो नाव पलटी उस पर कुल 100 से ज्यादा यात्री सवार थे। इनमें 5 क्रू के सदस्य थे। इस हादसे में अब तक 13 व्यक्ति की मौत की खबर सामने आ रही है। इनमें से 3 नेवी के लोग भी हैं। वहीं, 2 लोग क्रिटिकल बताए जा रहे हैं। इस हादसे पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि "सूचना मिली कि एलीफेंटा जा रही नीलकमल नाव दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है। तत्काल सहायता के लिए नौसेना, तटरक्षक बल, बंदरगाह, पुलिस टीमों की नौकाएं भेजी गई हैं। हम जिला एवं पुलिस प्रशासन से लगातार संपर्क में हैं, सौभाग्य से अधिकांश नागरिकों को बचा लिया गया है। जिला प्रशासन को उनके सभी प्रणालियों को बचाव कार्य में लगाने के आदेश दिए गए हैं।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने जताया दुख
इस हादसे पर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने दुख व्यक्त किया। हादसे पर पीएम मोदी ने कहा कि "मुंबई में नाव दुर्घटना दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएँ। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द ठीक हो जाएं। प्रभावित लोगों को अधिकारियों द्वारा सहायता प्रदान की जा रही है।" प्रधानमंत्री ने अनुग्रह राशि की भी घोषणा की है। दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा- "मैं मुंबई हार्बर के पास एक यात्री नौका और एक भारतीय नौसेना की नौका के बीच हुई दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध और दुखी हूं। जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं बचाव और राहत कार्यों की त्वरित सफलता और जीवित बचे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।"
Leave a comment