Samrat Choudhary Statement: बिहार की राजनीति में बुधवार को एक नया अध्याय लिखा गया। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने लोक भवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वह बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बने और पार्टी के इतिहास में पहली बार बीजेपी का कोई नेता इस पद पर पहुंचा। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में उनके साथ जेडीयू के दो दिग्गज नेता विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव ने भी डिप्टी मुख्यमंत्री पद की शपथ ली हैं। बता दें, नीतीश कुमार के करीबी इन दोनों नेताओं को 'विजय-विजेंद्र' जोड़ी के नाम से जाना जाता है। तो वहीं, नीतीश कुमार ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और राज्यसभा सांसद बनने के बाद अब केंद्र की राजनीति में सक्रिय होने वाले हैं।
Also read: न सिर पर RSS का हाथ, RJD से की सियासी पारी की शुरुआत...फिर दिग्गजों को पछाड़ 'चौधरी' कैसे बने सम्राट
CM सम्राट चौधरी का पहला बयान
शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद सम्राट चौधरी ने अपना पहला आधिकारिक बयान देते हुए स्पष्ट कहा 'बिहार में सिर्फ मोदी-नीतीश मॉडल ही चलेगा। मैं आज से ही बिहार के लिए काम करना शुरू कर दूंगा।' उन्होंने विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और नीतीश कुमार के सुशासन मॉडल को आगे बढ़ाते हुए बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। उन्होंने बिहार की जनता के प्रति पूर्ण समर्पण का वादा किया।
मालूम हो कि सम्राट चौधरी पहले उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री के रूप में कार्यरत थे। बीते दिन मंगलवार को एनडीए विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया। शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए के प्रमुख नेता, केंद्र सरकार के मंत्री और प्रदेश के विधायक मौजूद रहे।