Trump Change Medical Insurance Policy:अमेरिका में रहने वाले करीब 3 लाख कानूनी प्रवासियों को सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना मेडिकेयर (Medicare) से बाहर किया जा सकता है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए कानून के तहत मेडिकेयर के पात्रता नियमों में बदलाव किया गया है। इसका असर खासतौर पर उन बुजुर्गों और दिव्यांग प्रवासियों पर पड़ सकता है, जो वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं और वहां काम करने के साथ टैक्स भी जमा करते रहे हैं। नए नियम 2027 से लागू होंगे।
द वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (SSA) ने प्रभावित लोगों को नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। इन नोटिस में उन्हें मेडिकेयर की सुविधा बंद होने की चेतावनी दी गई है। प्रभावित लोगों में ऐसे प्रवासी भी शामिल हैं, जो अपने रोजगार और टैक्स भुगतान के रिकॉर्ड के आधार पर लंबे समय से इस स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ उठा रहे थे।
किन प्रवासियों पर पड़ेगा असर?
नए नियमों के दायरे में शरणार्थी, अमेरिका में शरण प्राप्त करने वाले लोग, अस्थायी संरक्षित दर्जा (TPS) पाने वाले प्रवासी और मानव तस्करी के शिकार लोग आ सकते हैं। इनमें बड़ी संख्या में बुजुर्ग और दिव्यांग लोग शामिल हैं, जो इलाज के लिए मेडिकेयर पर निर्भर हैं। इस बदलाव को लेकर सबसे बड़ी चिंता गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की है। प्रभावित लोगों में कुछ ऐसे मरीज भी हैं, जिन्हें किडनी की गंभीर बीमारी है और नियमित डायलिसिस के लिए मेडिकेयर की सुविधा की जरूरत पड़ती है। बीमा बंद होने की स्थिति में उनके इलाज पर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
ट्रंप के किस कानून से बदले मेडिकेयर के नियम?
मेडिकेयर की पात्रता में ये बदलाव जुलाई 2025 में अमेरिकी संसद से पारित H.R. 1 कानून का हिस्सा हैं। इसे 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट' (One Big Beautiful Bill Act) के नाम से भी जाना जाता है। इस कानून के तहत मेडिकेयर का लाभ लेने के लिए पात्र प्रवासियों की श्रेणियों को सीमित किया गया है। अब मुख्य रूप से अमेरिकी नागरिक और कुछ विशेष श्रेणियों के प्रवासी ही इस योजना का लाभ ले सकेंगे। इनमें ग्रीन कार्ड धारक, क्यूबा और हैती से आए कुछ प्रवासी तथा विशेष अंतरराष्ट्रीय समझौतों के तहत अमेरिका में रहने वाले कुछ देशों के नागरिक शामिल हैं।
6 अरब डॉलर से ज्यादा टैक्स और योगदान के बावजूद संकट
इस फैसले को लेकर प्रवासी संगठनों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े समूहों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि जिन लोगों ने वर्षों तक अमेरिका में काम किया, टैक्स दिया और मेडिकेयर में योगदान किया, उन्हें अब स्वास्थ्य बीमा से वंचित करना उनके लिए बड़ा झटका है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभावित प्रवासियों ने मेडिकेयर में कुल 6 अरब डॉलर से अधिक का योगदान दिया है। इनमें कुछ ऐसे लोग भी हैं, जिनका ग्रीन कार्ड मंजूर हो चुका है, लेकिन सरकारी प्रक्रिया में देरी के कारण उन्हें अभी तक दस्तावेज नहीं मिले हैं।
फैसले के खिलाफ अपील के लिए मिलेगा 30 दिन का समय
सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन ने प्रभावित लोगों को राहत के लिए अपील का विकल्प दिया है। नोटिस पाने वाले लोग हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं या अपने बदले हुए इमिग्रेशन स्टेटस से जुड़े दस्तावेज जमा करके फैसले को चुनौती दे सकते हैं। इसके लिए 30 दिनों की समयसीमा दी गई है। हालांकि, स्वास्थ्य संगठनों को आशंका है कि कई बुजुर्ग और बीमार प्रवासी तय समयसीमा के भीतर अपील की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाएंगे। ऐसे में 2027 से लागू होने वाले नए नियम हजारों परिवारों के लिए स्वास्थ्य और आर्थिक चुनौतियां खड़ी कर सकते हैं।
Also read: ऑपरेशन सिंदूर: चीन-पाकिस्तान की मिलीभगत का पर्दाफाश, अमेरिकी रिपोर्ट में चौंकाने वाले दावे