IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच के तीसरे दिन टीम इंडिया के एक फैसले ने क्रिकेट जगत में बहस छेड़ दी है। तेज गेंदबाज आकाश दीप सिर में चोट लगने के कारण मैच से बाहर हो गए, जिसके बाद उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को कनकशन सब्स्टीट्यूट के रूप में टीम में शामिल किया गया। हालांकि, इस फैसले से पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर सहमत नहीं हैं। उन्होंने मोहम्मद सिराज को मौका नहीं दिए जाने पर टीम मैनेजमेंट के फैसले पर सवाल उठाए हैं।
सुनील गावस्कर ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर टी-ब्रेक के दौरान कहा कि आकाश दीप की जगह मोहम्मद सिराज को कनकशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर शामिल किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि अगर टीम मैनेजमेंट किसी फ्रेश और ऊर्जावान खिलाड़ी को मौका देना चाहता था, तो सिराज बेहतर विकल्प हो सकते थे, क्योंकि वह सीरीज का पहला टेस्ट भी नहीं खेले थे।
गवास्कर ने उठाए सवाल
गावस्कर के मुताबिक, सिराज के पास इस पिच पर न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को परेशान करने की क्षमता थी। उन्होंने प्रसिद्ध कृष्णा के पिछले प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए। गावस्कर का मानना था कि पहले टेस्ट में प्रसिद्ध न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के सामने कोई खास चुनौती पेश नहीं कर पाए थे। ऐसे में सिराज को मौका दिया जाता तो वह अपनी गेंदबाजी से मैच में प्रभाव डाल सकते थे।
अश्विन ने टीम मैनेजमेंट के फैसले को बताया सही
जहां सुनील गावस्कर ने सिराज को मौका नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई, वहीं पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टीम मैनेजमेंट के फैसले का समर्थन किया है। अश्विन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कनकशन सब्स्टीट्यूट चुनते समय ऐसे खिलाड़ी को प्राथमिकता देना बेहतर होता है, जो पहले से ही सीरीज में खेल चुका हो।
अश्विन के मुताबिक, सिराज भले ही फ्रेश होते, लेकिन लंबे समय से मैच नहीं खेलने के कारण उन्हें तुरंत लय हासिल करने में परेशानी हो सकती थी। उन्होंने संकेत दिया कि ऐसी परिस्थिति में प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल करना सही फैसला था।
सिराज को मौका नहीं मिलने पर छिड़ी बहस
आकाश दीप के चोटिल होने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा को मौका मिलने से एक बार फिर भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन और टीम चयन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। एक तरफ गावस्कर सिराज को बेहतर विकल्प मान रहे हैं, तो दूसरी तरफ अश्विन टीम मैनेजमेंट की रणनीति का बचाव कर रहे हैं। अब इस फैसले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों के बीच भी बहस तेज हो गई है कि आकाश दीप की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को शामिल करना कितना सही था या फिर मोहम्मद सिराज को मौका दिया जाना चाहिए था।
Also read: सैंडपेपरगेट के बाद फिर विवादों में ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर, पाकिस्तान दौरे पर गेंद से छेड़छाड़ का दिया था सुझाव!