Odisha Tyre Factory Fire: ओडिशा के राजगंगपुर में रविवार सुबह एक टायर बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में काले धुएं का घना गुबार छा गया। दूर-दूर तक धुआं दिखाई देने लगा, जिससे लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह घटना पड़ाजामपाली इलाके में स्थित एक टायर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक फैक्ट्री से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। फैक्ट्री में रबर और टायर जैसी ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग बहुत तेजी से फैल गई और पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस ने कराया आसपास का इलाका खाली
घटना की सूचना मिलते ही राजगंगपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत आसपास का इलाका खाली कराया गया। सुरक्षा के लिए फैक्ट्री के पास जाने पर रोक लगा दी गई। लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। आग बुझाने के लिए शुरुआत में दमकल विभाग की तीन गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए बाद में चार और गाड़ियां मंगाई गईं। कुल सात फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। दमकल कर्मी कई घंटों तक लगातार आग बुझाने की कोशिश करते रहे।
विशेष फायर फोम मंगवाया गया
टायर और रबर में लगी आग को बुझाना मुश्किल होता है, इसलिए प्रशासन ने राउरकेला से विशेष फायर फोम मंगवाया। इस फोम की मदद से आग को फैलने से काफी हद तक रोका गया और धीरे-धीरे स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस अधिकारी और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी करते रहे।
क्या था आग लगने का कारण?
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी रासायनिक प्रतिक्रिया की आशंका जताई जा रही है। पूरी तरह आग बुझने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी। इस आग से उठे काले धुएं के कारण आसपास के लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की शिकायत हुई। प्रशासन ने लोगों से घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने और मास्क पहनने की अपील की है।
Also read: NCR में ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर से बढ़ेगी रफ्तार, गाजियाबाद-नोएडा को मिलेगा नया कनेक्शन