Orbital Rail in Delhi NCR: दिल्ली एनसीआर में परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए एक बड़ा प्रोजेक्ट सामने आया है। नमो भारत रैपिड रेल के बाद अब ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर बनने जा रहा है, जो यूपी और हरियाणा के कई शहरों को तेज और आसान कनेक्टिविटी देगा। इस परियोजना से गाजियाबाद और नोएडा को बड़ा फायदा होने की उम्मीद है।
कहां से शुरू होगा ऑर्बिटल?
यह ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर हरियाणा के सोनीपत और कुंडली से शुरू होकर बागपत, हापुड़, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा होते हुए पलवल तक जाएगा। इसकी कुल लंबाई करीब 270 किलोमीटर होगी। उत्तर प्रदेश में यह बागपत, हापुड़, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर जिलों को जोड़ेगा। इस कॉरिडोर में ट्रेनें करीब 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। गाजियाबाद और नोएडा के बीच 12 से 22 स्टेशन बनाए जाने की योजना है, जिनमें मेट्रो और रैपिड रेल से कनेक्टिविटी भी शामिल होगी।
रेल लाइन जेवर एयरपोर्ट तक जाएगी
यह रेल लाइन गाजियाबाद से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट तक जाएगी और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के समानांतर बनेगी। खास बात यह है कि इसे नमो भारत रैपिड रेल से जोड़ा जाएगा। गाजियाबाद के दुहाई स्टेशन पर यह दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर से कनेक्ट होगी। इससे गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट की दूरी केवल 45 से 50 मिनट में तय की जा सकेगी।
नया कॉरिडोर समस्या को करेगा कम
अभी नोएडा का अपना कोई बड़ा रेलवे स्टेशन नहीं है, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है। लेकिन यह नया कॉरिडोर इस समस्या को काफी हद तक दूर करेगा। साथ ही दिल्ली के बड़े रेलवे स्टेशनों पर दबाव भी कम होगा। यह परियोजना सिर्फ यात्रियों के लिए ही नहीं, बल्कि माल ढुलाई के लिए भी फायदेमंद होगी। दादरी को मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा और इसे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। इससे उद्योगों को अपना माल सीधे बंदरगाह और एयरपोर्ट तक पहुंचाने में सुविधा होगी।
रेल कॉरिडोर के आसपास मिलेंगी ये सुविधाए
इस रेल कॉरिडोर के आसपास वेयरहाउस और लॉजिस्टिक्स पार्क भी बनाए जाएंगे, जिससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। फिलहाल हरियाणा हिस्से का काम 60 प्रतिशत से ज्यादा पूरा हो चुका है। यूपी में इस प्रोजेक्ट पर काम 2026 के अंत या 2027 में शुरू होने की उम्मीद है। यह कॉरिडोर एनसीआर में ट्रांसपोर्ट का नया और तेज विकल्प साबित होगा।
Also read: ट्रेन टिकट कन्फर्म कराने के लिए समझें वेटिंग लिस्ट के नियम, बढ़ सकती है आपकी सीट मिलने की संभावना