Weather News: उत्तर भारत में इस समय भीषण गर्मी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा छाया रहता है, जैसे लॉकडाउन जैसा माहौल हो। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश के बांदा में पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। वहीं दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है। राजस्थान के बाड़मेर में 45.7 डिग्री, जैसलमेर में 44.9 और बीकानेर में 44.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश मे हालात गंभीर
उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों में भी हालात गंभीर हैं। प्रयागराज में 45.5 डिग्री, वाराणसी में 45 डिग्री और झांसी में 44.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ में भी तापमान 42.9 डिग्री तक पहुंच गया है। दिल्ली में मौसम विभाग ने लू का येलो अलर्ट जारी किया है। दिन में तेज गर्मी के साथ रात में भी राहत नहीं मिल रही है, क्योंकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच बना हुआ है। हालांकि, 27 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच हल्की बारिश और तेज हवाओं से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।
धार्मिक स्थलों पर भी दिखा असर
भीषण गर्मी का असर धार्मिक स्थलों पर भी देखने को मिल रहा है। अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में 60 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। मध्य प्रदेश में भी कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। भोपाल मौसम केंद्र के अनुसार, रायसेन, रतलाम, सतना, छिंदवाड़ा और अन्य जिलों में तापमान 42 से 43 डिग्री के बीच पहुंच गया है।
बारिश और आंधी-तूफान की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। इससे वहां के लोगों को राहत मिल सकती है, लेकिन उत्तर भारत में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी है।
Also read: 232 यात्रियों से भरे विमान में अचानक उठा धुआं, दिल्ली एयरपोर्ट पर टेकऑफ से पहले टला बड़ा हादसा