LPG Price Hike: देशभर में LPG के दाम आसमान को छू रहे हैं। जिससे आम लोगों को काफी महंगाई का सामना करना पड़ रहा है और इसका सीधा असर लोगों की जेब पर पड़ रहा है। इसी के चलते आज लोगों को फिर महंगाई का एक और झटका लगा है। जानकारी के अनुसार, आज घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलिंडर के दामों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून यानी आज से लागू हो गई है। इन बढ़ी कीमतों के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो जाएगी। आपको बता दें कि यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलिंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को प्रति सिलिंडर 60 रुपये की वृद्धि की गई थी।
कमर्शियल सिलिंडर के भी बढ़ चुके है दाम
जानकारी के लिए आपको बता दें कि इससे पहले 1 जून को कमर्शियल LPG सिलिंडर की कीमतों में बदलाव किया गया था। नई दरों के तहत दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलिंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई, जबकि कोलकाता में इसके दाम 53.50 रुपये बढ़े। इसके अलावा पांच किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलिंडर की कीमत भी 11 रुपये बढ़ाई गई है। दिल्ली में अब यह सिलिंडर 821.50 रुपये में उपलब्ध होगा।