HARYANA NEWS: हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब प्रदेश के गांवों में स्थित जोहड़ों (तालाबों) में कचरा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जो भी व्यक्ति या संस्था जोहड़ों में कूड़ा-कचरा फेंकते हुए पकड़ी जाएगी, उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।
सरकार का यह फैसला "स्वच्छ गांव अभियान" के तहत लिया गया है, जिसका उद्देश्य गांवों में साफ-सफाई को बढ़ावा देना और जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाना है। लंबे समय से कई गांवों में जोहड़ों को कचरा डालने की जगह बना दिया गया था, जिससे जल प्रदूषण के साथ-साथ आसपास के वातावरण पर भी बुरा असर पड़ रहा था।
नियमों का उल्लंघन पर लगेगा जुर्माना
अभियान के तहत पंचायतों, ग्रामीण विकास विभाग और स्थानीय प्रशासन को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से जोहड़ों की निगरानी करें और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके अलावा ग्रामीणों को भी जागरूक किया जाएगा ताकि वे सार्वजनिक जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। नियमों का उल्लंघन करने पर 500 रुपये से लेकर 5 हजार तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
स्वच्छ गांव अभियान के तहत गांवों में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने, कचरा निस्तारण की बेहतर व्यवस्था विकसित करने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से गांवों में स्वच्छता का स्तर बेहतर होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल स्रोत सुरक्षित रहेंगे।