LPG Cylinder Booking:ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की दोबारा बुकिंग की अवधि को 45 दिन से घटाकर 25 दिन कर दिया है। केंद्रीय राज्यमंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
सरकार के इस फैसले के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को नया घरेलू गैस सिलेंडर बुक करने के लिए 45 दिनों का इंतजार नहीं करना होगा। अब वे पिछली बुकिंग के 25 दिन बाद दोबारा सिलेंडर बुक करा सकेंगे।
शहरी और ग्रामीण दोनों उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन का अंतराल
केंद्रीय राज्यमंत्री सुरेश गोपी ने बताया कि सरकार ने पेट्रोलियम विपणन कंपनियों को ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग का अंतराल तत्काल प्रभाव से **25 दिन** करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर साझा किए गए पोस्ट में बताया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण एलपीजी की सप्लाई पर दबाव बढ़ने के बाद इस साल मार्च में ग्रामीण क्षेत्रों में सिलेंडर की बुकिंग अवधि बढ़ाकर 45 दिन कर दी गई थी। वहीं, शहरी क्षेत्रों में 25 दिन का अंतराल लागू किया गया था।
एलपीजी सप्लाई में सुधार के बाद लिया गया फैसला
सुरेश गोपी के मुताबिक, अब एलपीजी सप्लाई की स्थिति में सुधार हुआ है और सिलेंडर की पेंडिंग बुकिंग में भी बड़ी गिरावट आई है। इसे देखते हुए सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में लागू 45 दिन की पाबंदी में ढील देने का फैसला किया है। अब ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ता 25 दिन के अंतराल पर दोबारा सिलेंडर बुक करा सकेंगे।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने कंपनियों को भेजा पत्र
केंद्रीय राज्यमंत्री ने अपनी पोस्ट के साथ पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से पेट्रोलियम मार्केटिंग कंपनियों को भेजी गई चिट्ठी की कॉपी भी साझा की है। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग अवधि को 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने की व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के दौरान शहरी क्षेत्रों में 25 दिन का गैस बुकिंग अंतराल लागू किया गया था और इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। अब ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को भी शहरी उपभोक्ताओं के समान 25 दिन के अंतराल पर सिलेंडर बुक करने की सुविधा मिल गई है।
Also read: Delhi News: दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ सरकार का बड़ा अभियान, स्कूलों से उद्योगों तक लोगों को जोड़ेगी सरकार