Ball Tampering Controversy: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में 2018 के कुख्यात बॉल-टैम्परिंग विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। केप टाउन टेस्ट में सैंडपेपर के इस्तेमाल को लेकर नए खुलासों और आरोपों के बीच तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने कप्तान पैट कमिंस का खुलकर समर्थन किया है। हेजलवुड ने यहां तक संकेत दिया है कि अगर कमिंस को कप्तानी से हटाया जाता है, तो वह खुद टेस्ट टीम छोड़ने पर विचार कर सकते हैं।
हेराल्ड सन के हवाले से कोड स्पोर्ट्स को दिए एक इंटरव्यू में हेजलवुड ने इस विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कमिंस की नेतृत्व क्षमता की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले पांच से छह वर्षों में उन्होंने टीम को जिस तरह संभाला है, वह शानदार है।
पैट कमिंस के समर्थन में उतरे जोश हेजलवुड
हेजलवुड ने कमिंस के खिलाफ हो रही आलोचना को गलत बताया। उनका मानना है कि कप्तान को पद से हटाने का फैसला मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई टीम के भीतर मतभेद पैदा कर सकता है। उन्होंने कहा कि वह पैट कमिंस और हाल ही में उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए गए बयानों का पूरा समर्थन करते हैं। हेजलवुड के मुताबिक, कमिंस ने टीम को ऐसी स्थिति में पहुंचाने के लिए शानदार काम किया है, जहां इस तरह की घटना दोबारा न हो। जब हेजलवुड से पूछा गया कि अगर कमिंस को कप्तानी से हटाया जाता है तो क्या वह टीम छोड़ने के बारे में सोचेंगे, तो उन्होंने इस संभावना से इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि फैसला लेने के लिए मुझे उस स्थिति में रखा जाएगा, लेकिन आपको इसके बारे में सोचना होगा।"
क्या था 2018 का केप टाउन बॉल-टैम्परिंग विवाद?
साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केप टाउन टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट गेंद की सतह को सैंडपेपर से बदलते हुए कैमरे में कैद हुए थे। इस घटना के बाद क्रिकेट जगत में बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। मामले में तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वार्नर और बैनक्रॉफ्ट पर कार्रवाई हुई थी। स्मिथ और वार्नर को 12 महीने, जबकि बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने का प्रतिबंध झेलना पड़ा था। अब पूर्व ओपनर कैमरन बैनक्रॉफ्ट के करीब 4,000 शब्दों के कॉलम ने इस विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है। उन्होंने गेंदबाजी समूह के उस दावे पर सवाल उठाए हैं, जिसमें कहा गया था कि उन्हें मैदान पर सैंडपेपर लाए जाने की जानकारी नहीं थी।