Jammu & Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बुधवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर लतीफ भट मारा गया। बताया जा रहा है कि ऑपरेशन के दौरान आतंकी एक मस्जिद के अंदर छिप गया था। सुरक्षा बलों ने उसे कई बार आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए खास सावधानी बरती।
कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनायत अली चौधरी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को मिली पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर ऑपरेशन शुरू किया गया था। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर लतीफ भट को एक जगह पर घेर लिया।
पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब 2:45 बजे आतंकी ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान वह एक मस्जिद के अंदर घुस गया। सुरक्षा बलों ने उसे बाहर आने और आत्मसमर्पण करने के लिए बार-बार सार्वजनिक घोषणाएं कीं।
वीडियो कॉल और फोन के जरिए भी मनाने की कोशिश
SSP अनायत अली चौधरी के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने आतंकी को आत्मसमर्पण के लिए मनाने की हरसंभव कोशिश की। इसके लिए SSP और 9 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) के कमांडिंग ऑफिसर के साथ उसकी लंबी वीडियो कॉल पर बातचीत भी कराई गई। उसे फोन भी उपलब्ध कराया गया, ताकि वह अधिकारियों की अपील सुन सके और हिंसा का रास्ता छोड़कर अपनी जिंदगी बचा सके।
हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद आतंकी ने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि पूरे ऑपरेशन के दौरान मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) का पालन किया गया और संयम बरता गया।
18 नवंबर 2025 को लश्कर में हुआ था शामिल
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ भट 18 नवंबर 2025 को लश्कर-ए-तैयबा के साथ सक्रिय हुआ था। वह क्षेत्र में शांति, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को प्रभावित करने वाली कई आतंकी गतिविधियों से जुड़ा था। वहीं, CRPF के डायरेक्टर जनरल (DG) जीपी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर सुरक्षा बलों को बधाई दी। उन्होंने लिखा, "बधाई हो, दोस्तों। कुछ डिश ठंडी ही सबसे अच्छी लगती हैं, ठंड के मौसम में भी।"
उमर निसार डार के साथ की थी रेकी
इससे पहले सोमवार को मुठभेड़ में मारे गए उमर निसार डार को लेकर पुलिस ने अहम खुलासा किया था। पुलिस के मुताबिक, उमर निसार डार ने 10 नवंबर को लतीफ भट के साथ कई जगहों की रेकी की थी। इनमें मीर बार, अखरान, हबलिश और किलम शामिल हैं।
पुलिस द्वारा साझा किए गए CCTV फुटेज में दोनों की गतिविधियां सामने आने का दावा किया गया है। बताया गया कि इन जगहों की रेकी सुरक्षा बलों को निशाना बनाने और हमले की योजना तैयार करने के उद्देश्य से की गई थी।