Haryana News: हरियाणा के हिसार में विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ESIC इंस्पेक्टर आनंद कुमार को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक स्कूल कर्मचारी से उसकी बेटी के एडमिशन वेरिफिकेशन के नाम पर 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 10 हजार रुपये वह पहले ही ले चुका था। बाकी 30 हजार रुपये लेते समय विजिलेंस टीम ने उसे दबोच लिया।
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने हिसार विजिलेंस ब्यूरो को शिकायत दी थी कि उनके स्कूल में कार्यरत एक कर्मचारी की बेटी के एडमिशन वेरिफिकेशन के लिए ESIC इंस्पेक्टर आनंद कुमार 40 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। आरोपी पहले ही 10 हजार रुपये ले चुका था और बाकी रकम के लिए दबाव बना रहा था।
विजिलेंस ने ऐसे बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। कार्रवाई को निष्पक्ष तरीके से अंजाम देने के लिए जिला कृषि अधिकारी (DAO) सीताराम को राजपत्रित अधिकारी और ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर टीम में शामिल किया गया।
विजिलेंस ने पूरी योजना के तहत शिकायतकर्ता को बाकी 30 हजार रुपये देने के लिए भेजा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने कार्यालय में इंस्पेक्टर आनंद कुमार को रिश्वत की रकम थमाई, टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
BNSS की धारा 105 के तहत हुई वीडियोग्राफी
विजिलेंस टीम ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 105 के तहत पूरी ट्रैप कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ हिसार स्थित विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR दर्ज की गई है।