Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बुधवार सुबह एक संयुक्त ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया गया। इस कार्रवाई के बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और खुफिया एजेंसियों की सराहना की है। उन्होंने सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल और संयुक्त प्रयासों को ऑपरेशन की सफलता का अहम कारण बताया।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर सुरक्षा बलों की तारीफ की। उन्होंने लिखा कि देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से घाटी में लश्कर-ए-तैयबा के आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को कुलगाम में ऑपरेशन के दौरान मार गिराया गया। उन्होंने यह भी बताया कि उसका एक आतंकी साथी उमर निसार एक दिन पहले ही कुलगाम में मुठभेड़ के दौरान मारा गया था। केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, इस पूरे ऑपरेशन में सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय देखने को मिला।
मस्जिद में छिपा था लतीफ भट, सरेंडर से किया इनकार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच कुलगाम में मुठभेड़ हुई थी। ऑपरेशन के दौरान लतीफ भट एक मस्जिद के अंदर फंस गया था। सुरक्षा बलों ने उसे कई बार आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, पूरे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरती। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
एनकाउंटर साइट से शव और हथियार बरामद
कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि मुठभेड़ स्थल से मारे गए आतंकी का शव और एक हथियार बरामद किया गया है। पुलिस ने आतंकी की पहचान मोहम्मद लतीफ भट निवासी ख्रेवान, कुलगाम के रूप में की है। सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई के बाद इलाके में तलाशी और अन्य आवश्यक जांच की गई।