How to Book Lower Berth On Your Train: ट्रेन में सफर के दौरान अगर नीचे वाली सीट मिल जाए तो पूरा सफर आराम से कट जाता है। खासकर बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और उन लोगों के लिए लोअर बर्थ किसी वरदान से कम नहीं है, जिन्हें ऊपर चढ़ने-उतरने में दिक्कत होती है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि लोअर बर्थ की पसंद डालने के बाद भी अपर या मिडिल बर्थ मिल जाती है।
नीचे की सीट पाने के लिए क्या करें?
ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर नीचे की सीट पाने के लिए क्या करें? दरअसल, IRCTC पर कुछ ऐसे ऑप्शन दिए गए हैं, जिन्हें सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो लोअर बर्थ मिलने के चांस काफी बढ़ जाते हैं। इसमें बर्थ प्रेफरेंस से लेकर खास रिजर्वेशन चॉइस और सीनियर सिटीजन कोटा तक शामिल है। अगर आप भी अगली यात्रा में नीचे की सीट चाहते हैं तो बुकिंग से पहले ये 4 सेटिंग्स जरूर चेक कर लें।
1. बर्थ प्रेफरेंस में Lower Berth ही चुनें
टिकट बुक करते वक्त सबसे बड़ी गलती लोग यहीं करते हैं। नाम, उम्र भरकर सीधे आगे बढ़ जाते हैं और बर्थ की पसंद चुनना भूल जाते हैं। IRCTC पर Passenger Details वाले पेज पर हर यात्री के नाम के सामने Berth Preference का ऑप्शन आता है। वहां आपको Lower Berth चुनना है। अगर साइड वाली नीचे की सीट चाहिए तो Side Lower चुन सकते हैं। याद रखें, ये सिर्फ आपकी पसंद है, फाइनल सीट रेलवे ही उपलब्धता के हिसाब से देता है।
2. 'Book only if lower berth is allotted' वाला ऑप्शन लगाएं
ये IRCTC का सबसे काम का लेकिन कम लोगों को पता वाला ऑप्शन है। ये उन लोगों के लिए बेस्ट है जिन्हें किसी भी हालत में कम से कम एक लोअर बर्थ चाहिए। Passenger Details भरने के बाद Other Preference / Reservation Choice वाले सेक्शन में जाएं और इस ऑप्शन को टिक कर दें। इसका मतलब है कि अगर सिस्टम आपको एक भी लोअर बर्थ नहीं दे पाया तो आपका टिकट बुक ही नहीं होगा।
3. बुजुर्गों के लिए Lower Berth / Senior Citizen कोटा चुनें
अगर आप माता-पिता या घर के किसी बुजुर्ग के लिए टिकट बुक कर रहे हैं तो ये कोटा जरूर चेक करें। रेलवे में सीनियर सिटीजन, 45 साल से ज्यादा उम्र की अकेली सफर करने वाली महिला और गर्भवती महिलाओं के लिए लोअर बर्थ कोटा होता है। बुकिंग के समय Quota वाले सेक्शन में जाकर Lower Berth / Senior Citizen चुन लें। इससे नीचे की सीट मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
Also read: IPS Neetu Kadyan: हरियाणा के किसान की IPS बेटी नीतू कादयान बनीं नोएडा की ADCP, लेडी सिंघम के नाम से हैं मशहूर
4. टिकट बुक करने में देर मत करो
लोअर बर्थ की संख्या हर कोच में बहुत कम होती है। इसलिए जो पहले बुक करेगा, उसे ही चांस ज्यादा मिलेगा। अगर आप पॉपुलर रूट पर जा रहे हैं तो रिजर्वेशन खुलते ही टिकट बुक करने की कोशिश करें। आखिरी समय में तत्काल के भरोसे रहेंगे तो लोअर बर्थ मिलना लगभग नामुमकिन हो जाएगा।