Aaj Ka Mausam 11 November 2026: देश के कई राज्यों में मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 11 नवंबर को 20 राज्यों में बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ कई जगहों पर तेज हवाएं और आंधी भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और बिहार में आंधी चलने के आसार हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा और कई इलाकों में पारा नीचे लुढ़कने से ठंड का प्रकोप बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली में मौसम का रुख बदलने लगा है और बीते दिनों से तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। 11 नवंबर को राजधानी में आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, मेरठ, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, रायबरेली, औरैया, बागपत, बाराबंकी, प्रयागराज, गोरखपुर और बिजनौर में बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही प्रदेश में पारे में गिरावट आने की संभावना है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
राजस्थान और पंजाब में बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश के जयपुर, झुंझुनू, सीकर, सवाई माधोपुर, चूरू, अजमेर, टोंक, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, धौलपुर और भरतपुर सहित कई जिलों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, पंजाब में भी मौसम विभाग ने बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। फिरोजपुर, संगरूर, लुधियाना, होशियारपुर, अमृतसर और गुरदासपुर समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।